(सोनभद्र UP)23मार्च,2025.
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है। वर्ष 2028 तक यह विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था होगी। इसमें ईंधन क्षेत्र का बड़ा योगदान होगा। वर्तमान में देश के राजस्व का 19 प्रतिशत ईंधन क्षेत्र से आ रहा है।
ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता और इसे किफायती बनाने के लिए लगातार काम हो रहा है। भविष्य में इसमें और बदलाव दिखेंगे । सोनभद्र पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने कलेक्ट्रेट सभागार में मीडिया से कहा कि ईंधन की खपत बढ़ने के बाद भारत में पिछले तीन साल में पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़े हैं।
इसके पीछे पीएम मोदी का संकल्प कारण रहा। केंद्र सरकार ने दो बार पेट्रोल-डीजल पर सेस कम किया है। पीएम मोदी ने जब दायित्व संभाला था, तब बायो फ्यूल की ब्लेंडिंग 1.6 प्रतिशत थी, जो आज बढ़कर 20 प्रतिशत तक हो चुकी है। इसे और बढ़ाना है।
एथेनाल, कंप्रेस बायोगैस, ग्रीन हाइड्रोजन के क्षेत्र में लगातार काम हो रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सोनभद्र के विकास की भी प्रतिबद्धता जताई। इसके लिए जिले को एयर और रेलवे कनेक्टिविटी से जोड़ने पर जोर दिया। यहां के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चल रही योजनाओं को भी गति देने की बात कही।
प्लास्टिक मुक्त अभियान को आगे बढ़ाने पर दिया जोर:
केंद्रीय मंत्री ने जिले में पंचायती राज विभाग की ओर से शुरू किए प्लास्टिक मुक्ति अभियान की सराहना की। कहा कि पीएम मोदी ने लाल किले से देश को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग रोकने का आह्वान किया था। इस दिशा में सोनभद्र तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके लिए इससे जुड़ी टीम बधाई की पात्र है। इस अभियान को मजबूती से जिले में आगे बढ़ाया जाएगा।
पांच करोड़ की 135 परियोजनाओं का किया शिलान्यास:
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने जिले में विकास की 135 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत करीब पांच करोड़ रुपये है। सांसद निधि से वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृत परियोजनाओं में प्रमुख रूप से 151.23 लाख की लागत से 30 विद्युत हाईमास्ट लाइट का अधिष्ठापन, 83.88 लाख की लागत से 17 सार्वजनिक सोलर पेयजल संयंत्र, 16.03 लाख की लागत से 08 विद्युतीकरण, 80.72 लाख की लागत से 66 सोलर हाईमास्ट लाईट, 51.84 लाख की लागत से 06 पुलिया का निर्माण, 10 लाख की लागत से 01 सार्वजनिक सुलभ शौचालय, 6.70 लाख की लागत से 01 सोलर पावर प्लांट, 50 लाख की लागत से 03 विद्यालयों में भवन निर्माण और 18.54 लाख की लागत से 03 सार्वजनिक ओपेर जिम का निर्माण कार्य शामिल है।
महिलाओं को बांटे सोलर कूकर:
लोकार्पण व शिलान्यास समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री ने विकासखंड चोपन के ग्राम जुगैल के 300 ग्रामीणों को मुफ्त सौर उर्जा चूल्हा वितरित किया। उन्होंने महिलाओं से अब तक खाना बनाने वाले साधन की जानकारी ली। पूछा कि हम आएंगे तो इस पर क्या बनाकर खिलाएंगी।
महिलाओं ने पूरे सत्कार की बात कही। केंद्रीय मंत्री ने मेडिकल काॅलेज को अत्याधुनिक मेडिकल वैन भी प्रदान किया। इसकी चाभी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एसके सिंह को सौंपा। इससे पहले उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक ली।
जिले में चल रही विकास परियोजनाओं और जरूरतों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सोनभद्र को सोने की चिड़िया है। यहां के पर्यटन स्थल अद्भुत है। इसके विकास के लिए काम शुरू हो गया है। अब इसके बारे में लोगों तक जानकारी पहुंचाने की जरूरत है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड, डीएम बद्रीनाथ सिंह, सीडीओ जागृति अवस्थी, एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद आदि मौजूद रहीं।(साभार एजेंसी)