(लखनऊ UP)15अप्रैल,2025.
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। आने वाले कुछ दिनों में इन दोनों शहरों को वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात मिलने जा रही है। यह नई वंदे भारत ट्रेन भोपाल से लखनऊ के बीच चलाई जाएगी। इससे मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश के बीच सफर करने वाले यात्रियों को भीड़ से निजात मिलने की उम्मीद है। हालांकि सामान्य ट्रेनों की तुलना में वंदे भारत का किराया ढाई गुना से ज्यादा हो सकता है।
जानकारी के अनुसार, अभी एमपी की राजधानी भोपाल से लखनऊ के लिए अभी करीब 15 इनडायरेक्ट ट्रेनें हैं। लेकिन यह सीधी ट्रेन होगी। वंदे भारत के स्टॉपेज कम होंगे स्पीड भी ज्यादा होगी। त्योहारी सीजन के अलावा छुट्टियों में भोपाल और लखनऊ के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों को अभी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता हैं। सभी ट्रेनों में सालभर वेटिंग होती है। इस यात्रा में यात्रियों का समय भी बहुत लगता है। लेकिन लखनऊ भोपाल वंदे भारत से नियमित ट्रेनों में आने वाली सभी प्रकार की समस्याएं समाप्त हो जाएंगी।
वंदे भारत एक्सप्रेस के नए कोच में एग्जीक्यूटिव चेयर क्लास सीटों के पास बैग मिलेगा। लखनऊ- भोपाल वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 8 कोच की चेयर कार होगी। इस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में कुल 564 सीटें होंगी। रेलवे सूत्रों की मानें तो लखनऊ और भोपाल के बीच चलने वाली इस नई वंदे भारत एक्सप्रेस का किराया प्रीमियम ट्रेनों की तरह ही रहेगा। यानी इस ट्रेन में भी राजधानी, दुरंतो आदि ट्रेनों के बराबर या उससे ज्यादा चार्ज किया जा सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि यह सेमी हाई स्पीड होने के साथ-साथ यात्रियों को प्रीमियम सुविधाएं और कंफर्ट देगी। अभी भोपाल से लखनऊ तक 584 किलोमीटर की दूरी तय करने में ट्रेन को 10 से 11 घंटे का समय लगता है, लेकिन इस रूट पर वंदे भारत की शुरुआत होने के बाद यह दूरी घटकर 7 से 8 घंटे की रह जाएगी।
भोपाल से लखनऊ के बीच कितनी दूरी:
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से उत्तर प्रदेश की राजधानी भोपाल का डिस्टेंस लगभग 720 किमी है। फिलहाल इस रूट पर 15 ट्रेनें चलती हैं, जिन्हें दोनों शहरों के बीच 9 से 12 घंटे तक का ट्रेवल टाइम लगता है। हालांकि, इतनी ट्रेनें होने के बाद भी इस रूट पर यात्रियों की जबरदस्त भीड़ होती है। लखनऊ-भोपाल वंदे भारत शुरू होने से बीना, झांसी, कानपुर रूट के यात्रियों को भी फायदा मिलेगा. हालांकि, ट्रेन का इन शहरों में हॉल्ट होगा या नहीं और कितनी देर का होगा, यह शेड्यूल आने पर ही पता चलेगा।(साभार एजेंसी)