सीएम योगी बोले- सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)07जुलाई,2025.

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 के पहले यूपी का वन आच्छादन नीचे जा रहा था, लेकिन बीते आठ वर्ष में नियोजित प्रयास से वन आच्छादन 9 प्रतिशत से बढ़कर 10 फीसदी हो गया है। हरित आवरण वृद्धि में यूपी आज देश में दूसरे स्थान पर है। वर्ष 2017 से 2024 के बीच हरित आवरण में 5 लाख एकड़ की वृद्धि हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुरूप पांच जून (विश्व पर्यावरण दिवस) को शुरू हुआ एक पेड़ मां के नाम अभियान सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सीएम श्री योगी आदित्यनाथ,एक पेड़ मां के नाम पौधरोपण महा अभियान-2025 को सफल बनाने के लिए सभी महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख और ग्राम प्रधानों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संवाद कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 से 2023 के बीच वनावरण में 1.38 लाख एकड़ की वृद्धि हुई है। 2017 से 2023 तक हरित आवरण में कुल 3.38 लाख एकड़ की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है। सीएम ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग भविष्य में संपूर्ण मानवजाति के लिए बड़ी समस्या बन सकता है। एक पेड़ मां के नाम अभियान को जन आंदोलन बनाकर ही सफल बनाया जा सकता है। पीएम मोदी ने कार्बन उत्सर्जन को 2070 तक नेट जीरो तक लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए व्यापक वन आच्छादन जरूरी है। इसलिए किसानों को प्रेरित करें वे अपने खेत की मेड़ पर पौधरोपण करें। इससे कार्बन क्रेडिट के तहत सर्वे के बाद उन्हें पांच डॉलर का भुगतान किया जाएगा।

पेड़ लगाने वाले किसानों को होगा भुगतान
उन्होंने कहा कि कार्बन क्रेडिट के तहत पिछले वर्ष किसानों को 32.80 लाख रुपये का भुगतान किया गया था। इस वर्ष सात मंडलों देवीपाटन, अयोध्या, झांसी, मीरजापुर, कानपुर, वाराणसी और अलीगढ़ के हजारों किसानों को 42.20 लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा।

कुपोषित परिवारों को मिलेगा सहजन
योगी ने नदियों का पुनरोद्धार आवश्यक है। पौधरोपण अभियान के तहत कुपोषित परिवारों को सहजन का पौधा दिया जा रहा है। इससे राष्ट्रीय पोषण अभियान को भी बल मिलेगा।

फलदार वृक्ष जरूर लगाएं : डॉ. अरुण
पर्यावरण एवं वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण दुनिया का तापमान बढ़ता जा रहा है। हम सभी लोग अपने घरों में फल के पेड़ जरूर लगाए। किसानों को मेड़ पर पेड़ लगाने पर 5 वर्ष पूरे होने पर कार्बन सीक्वेंसिंग के लिए प्रोत्साहन की राशि प्राप्त होगी।

45 करोड़ पौधे तैयार : मुख्य सचिव
मुख्य सचिव ने कहा कि वन विभाग ने लगभग 45 करोड़ पौधे तैयार किए हैं। कार्यक्रम के दौरान आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर, वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी, संभल के बबराला नगर पंचायत के अध्यक्ष हर्ष वर्धन, जालौन के जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी से उनके यहां पौधरोपण की तैयारियों का हाल जाना। (साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *