(लखनऊ,UP)06अक्टूबर,2025.
उत्तर प्रदेश में बदले हुए मौसम के बीच सोमवार को पश्चिमी तराई के इलाकों समेत पूर्वांचल और मध्यांचल में भी अच्छी बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग की ओर से मंगलवार को प्रदेश के 39 जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
सोमवार को बरेली में गरज चमक के साथ ओले पड़ने की सूचना है। कुशीनगर में सर्वाधिक 30 मिमी, मुरादाबाद में 29.2 मिमी, ललितपुर में 26 मिमी, बरेली में 22.4 मिमी, अलीगढ़ में 22.2, गोरखपुर में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बूंदाबांदी के इस दाैर के बाद 9 अक्तूबर से उत्तर प्रदेश में मानसून की औपचारिक वापसी हो सकती है।
15 जिलों में गरज चमक के साथ जोरदार बारिश हुई:
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से पश्चिम के सहारनपुर, शामली, बिजनौर समेत लगभग 15 जिलों में गरज चमक के साथ जोरदार बारिश हुई। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि शुक्रवार से प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में मौसम के शुष्क रहने के संकेत हैं। इसके बाद पूरे उत्तर प्रदेश में मानसून वापसी की परिस्थितियां बन सकती हैं।
यहां है गरज चमक और बिजली गिरने की आशंका :
बस्ती, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखनऊ, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं व आसपास के इलाकों में।(साभार एजेंसी)
