(गोरखपुर,UP)12अक्टूबर,2025.
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली से पहले देवरिया बाईपास स्थित हाई-राइज बिल्डिंग पाम पैराडाइज में 160 परिवारों को ईडब्ल्यूएस/एलआईजी फ्लैट्स की चाबियां भेंट कीं। इनमें 80 फ्लैट्स आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और 80 निम्न आय वर्ग (एलआईजी) के लिए हैं।
साथ ही मुख्यमंत्री ने गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की 118 करोड़ रुपये की 50 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस दौरान सीएम ने पौधारोपण भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि हर परिवार की एक तमन्ना होती है कि उसका अपना एक घर हो। आज 160 परिवारों को दीपावली का शुभ उपहार मिल रहा है। कार्तिक मास के शुभ मुहूर्त में यह उपलब्धि और भी खास है। एक परिवार में औसतन 5-6 सदस्य होने पर करीब 700-800 लोग सीधे लाभान्वित हो रहे हैं।
पूरी पारदर्शिता के साथ वितरित किए गए आवास
सीएम योगी ने कहा कि आवास वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ हुआ है। जीडीए की हाउसिंग स्कीम में 40 विस्थापित परिवारों को प्राथमिकता दी गई। शेष 120 परिवारों का चयन लॉटरी माध्यम से किया गया। 9,000 से अधिक आवेदनों में से सौभाग्यशाली 160 लोगों को आवास मिले हैं।
विकास प्राधिकरण को चाहिए कि बाकी जरूरतमंदों के लिए आवास प्रक्रिया तेज करे। ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स 35 वर्ग मीटर के हैं, जिनकी बाजार कीमत 13-15 लाख रुपये है लेकिन सब्सिडी के तहत मात्र 5.40 लाख रुपये में उपलब्ध कराए गए।
41 वर्ग मीटर के एलआईजी फ्लैट्स बाजार मूल्य 19-20 लाख के मुकाबले 10.80 लाख रुपये में दिए गए। उन्होंने कहा कि जब सरकार और जनप्रतिनिधि ईमानदार होंगे तो गरीबों को अपना घर मिलने में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने की आवास के लोकेशन की तारीफ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकेशन की तारीफ करते हुए कहा कि इस आवास के पास रामगढ़ताल, जू और खोराबार का बेहतरीन स्थान है। यहीं पर कुछ दूरी पर सांसद रवि किशन का आवास भी है। हाई-राइज बिल्डिंग में सभी आधुनिक सुविधाएं है। उन्होंने कहा कि विकास प्राधिकरणों को चाहिए कि हाईराइज बिल्डिंग के रख-रखाव के लिए आवासीय समितियां गठित की जाएं।
उन्होंने पूर्व योजनाओं गोरख एंक्लेव, राप्तीनगर और पत्रकारपुरम का भी उल्लेख करते हुए कहा कि हर तबके गरीब, स्ट्रीट वेंडर, श्रमिक, पत्रकार, अधिवक्ता, चिकित्सक, शिक्षक और व्यापारियों के लिए के लिए भी समय-समय पर विशेष योजनाएं लाई जाएंगी।
60 लाख से अधिक गरीबों को मिल चुके हैं आवास
सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के कार्यकाल के 11 वर्षों में राष्ट्रीय स्तर पर 4 करोड़ गरीबों को फ्री आवास उपलब्ध कराए गए हैं। उत्तर प्रदेश में 60 लाख से अधिक गरीबों को आवास मिल चुके हैं। अच्छी नीयत से अच्छे कार्य होते हैं। जनता अच्छी सरकार चुनती है तो विकास गरीबों तक पहुंचता है। सीएम योगी ने कहा कि खोराबार स्कीम जल्द आगे बढ़ेगी।
माफियाओं द्वारा कब्जाए जमीन पर गरीबों के लिए बन रहे आवास
सीएम योगी ने कहा कि पिछले वर्ष प्रयागराज में माफियाओं से कब्जाई गई जमीन पर गरीबों के लिए 76 फ्लैट बनाए गए थे। लखनऊ में भी कब्जाई जमीन को मुक्त कर गरीबों को आवास दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में माफियाओं की हवेलियों की जगह गरीबों के लिए मकान खड़े होंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान, सांसद रवि किशन शुक्ल, यूपी के गोरखपुर जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक फतेह बहादुर सिंह, महेंद्र पाल सिंह, विपिन सिंह, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, प्रदीप शुक्ल, यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे (साभार एजेंसी)
