(लखनऊ,UP)24मार्च,2026.
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर परियोजना को मंजूरी मिलते ही सिद्धार्थनगर जिले के विकास को नई गति मिलने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। प्रथम चरण में पिपरहवा (कपिलवस्तु) से बर्डपुर तक 9.4 किलोमीटर लंबे मार्ग को फोरलेन में विकसित किया जाएगा। इस कार्य के लिए व्यय वित्त समिति द्वारा प्रस्तावित 26149.63 लाख रुपये की लागत को मंजूरी प्रदान की गई है।
यह कॉरिडोर केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि सीमावर्ती जिले के समग्र विकास का आधार बनेगा। कपिलवस्तु जैसे अंतरराष्ट्रीय महत्व के बौद्ध स्थल को प्रयागराज से सीधे जोड़ने वाला यह मार्ग धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई देगा। साथ ही भारत-नेपाल सीमा से जुड़े इस क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
कारोबारियों को होगा सीधा लाभ
इस कॉरिडोर से बेहतर सड़क सुविधा से माल परिवहन तेज होगा और स्थानीय कारोबारियों को सीधा लाभ मिलेगा। मंत्रिपरिषद के निर्णय के बाद लोक निर्माण विभाग ने प्रक्रिया को गति दे दी है। परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण, पेड़ों की कटाई, विद्युत पोल स्थानांतरण और अन्य आवश्यक कार्य समानांतर रूप से कराए जाएंगे, ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा हो सके।
इस मार्ग के बनने से जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क भी मजबूत होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इस कॉरिडोर के बनने से सिद्धार्थनगर की पहचान एक प्रमुख संपर्क केंद्र के रूप में स्थापित होगी। इससे न केवल पर्यटन को बल मिलेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां की अर्थव्यवस्था पर इसका सीधा सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। यह परियोजना आने वाले समय में जिले के लिए विकास की नई इबारत लिखने का कार्य करेगी।
इस मद में खर्च होगा धन (करोड़ रुपये में)
विद्युत शिफ्टिंग- 1.20
वन विभाग- 4.00
जलनिगम- 0.91
भूमि मुआवजा- 80.86
आवास मुआवजा- 24.57
कॉरिडोर निर्माण- 157.41
छह जनपद से गुजरेगा नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर:
यह कॉरिडोर पिपरहवा (कपिलवस्तु) से शुरू होकर बर्डपुर के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ेगा। इसके पश्चात यह मार्ग बस्ती, आंबेडकरनगर, जौनपुर, प्रतापगढ़ होते हुए प्रयागराज तक जाएगा। इस मार्ग के विकसित होने से इन जनपदों के बीच दूरी कम होगी और आवागमन अधिक सुगम व सुरक्षित बनेगा।
नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर परियोजना को मंत्रिपरिषद की स्वीकृति मिल चुकी है। शासन स्तर से धन आवंटित होने के बाद अब निर्माण प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है। प्रथम चरण में पिपरहवा से बर्डपुर तक सड़क का चौड़ीकरण और उच्चीकरण कराया जाएगा। जल्द ही भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू होगी और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। -शिवशरणप्पा जीएन, जिलाधिकारी।(साभार एजेंसी)
