भरत तिवारी एनकाउंटर प्रकरण,जांच करेंगे हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज

Bihar / Jharkhand

(पटना,बिहार)25जून,2026

भोजपुर जिले के बहुचर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में न्यायिक जांच की जमीनी प्रक्रिया शुरू हो गई है। बिहार सरकार द्वारा गठित न्यायिक आयोग के अध्यक्ष और सेवानिवृत्त न्यायाधीश विनोद कुमार सिन्हा गुरुवार को भारी सुरक्षा बल के साथ शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव पहुंचे। सेवानिवृत्त जस्टिस ने न सिर्फ घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया, बल्कि पूरे घटनाक्रम से जुड़े कई अहम पहलुओं पर प्रशासनिक अधिकारियों से लंबी पूछताछ भी की। जांच टीम के गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में हलचल तेज हो गई। इस दौरान शाहाबाद प्रक्षेत्र के डीआईजी, भोजपुर के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित कई आला प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

चौतरफा उठे सवालों के बाद सरकार ने लिया था फैसला
गौरतलब है कि 17 जून को हुए भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर को लेकर शुरुआत से ही पुलिस की थ्योरी पर लगातार सवाल उठ रहे थे। परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा इसे एनकाउंटर बताए जाने और बढ़ते राजनीतिक व सामाजिक दबाव के बाद बिहार सरकार ने मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने का बड़ा फैसला लिया था।

रिपोर्ट पर टिकी सबकी निगाहें:
सेवानिवृत्त न्यायाधीश के बिलौटी गांव पहुंचने के साथ ही इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच ने रफ्तार पकड़ ली है। अधिकारियों की उपस्थिति में घटना से जुड़े हर छोटे-बड़े साक्ष्य को खंगाला जा रहा है। फिलहाल, इस न्यायिक जांच की शुरुआत के साथ ही बिलौटी गांव सहित पूरे भोजपुर जिले की निगाहें आयोग की आने वाली रिपोर्ट पर टिक गई हैं।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *