हरियाणा में 28 जून से फिर बदल सकता है मौसम

Hariyana

(चंडीगढ़, हरियाणा)26जून,2026

हरियाणा राज्य में 26 और 27 जून को मौसम साफ रहने से गर्मी और उमस बढ़ने के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 28 जून को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आएगा और बारिश की संभावना बनेगी। वहीं 4-5 जुलाई तक हरियाणा में मानसून के पहुंचने के संकेत हैं।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवातीय परिसंचरण (सर्कुलेशन) और ट्रफ के प्रभाव से वीरवार को रोहतक, सोनीपत, गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में हुई बारिश के कारण तापमान सामान्य से नीचे बना रहा, लेकिन अब अगले दो दिनों में इसमें बढ़ोतरी होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि 26, 27 और 28 जून की दोपहर तक मौसम मुख्यतः साफ रहेगा। इस दौरान दिन का तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पिछले करीब 15 दिनों में लगातार छह पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से प्रदेश का तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। पूरे जून माह में केवल तीन दिन ही ऐसे रहे, जब तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचा।

डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार मौसम प्रणाली के आंशिक प्रभाव से वीरवार को एनसीआर और दक्षिण-पूर्वी हरियाणा में बादलों की आवाजाही रही। इस दौरान रोहतक में 3 मिमी, सोनीपत में 5 मिमी तथा गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ में 1-1 मिमी वर्षा दर्ज की गई। शुक्रवार और शनिवार को तापमान बढ़ने के साथ उमस भी बढ़ सकती है।

28 जून को दोपहर बाद नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम फिर करवट ले सकता है और कई क्षेत्रों में बारिश के आसार बनेंगे। उन्होंने बताया कि मानसून के उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। इसी क्रम में 4 से 5 जुलाई तक हरियाणा में मानसून पहुंचने की संभावना है।(साभार एजेंस)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *