हरियाणा में अस्पतालों में बर्न वार्ड, 20 बेड इमरजेंसी के लिए आरक्षित रखने के आदेश

Hariyana

(चंडीगढ़,हरियाणा)07नवंबर,2026

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने दिवाली के मद्देनजर स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर अलर्ट जारी किया है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रदेश के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को आपातकालीन तैयारियां पुख्ता रखने के निर्देश दिए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दिवाली के दौरान पटाखों और दीयों से आग लगने और जलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए अस्पतालों में विशेष इंतजाम जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों में अलग से बर्न वार्ड बनाया जाए, पर्याप्त ऑक्सीजन सिलेंडर, जरूरी दवाएं और बर्न ट्रीटमेंट किट तैयार रखी जाएं। सरकारी अस्पतालों में 20 से ज्यादा बेड आपात मरीजों के लिए आरक्षित रखने के आदेश दिए गए हैं।

इसके साथ ही इमरजेंसी विभाग में डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ की 24 घंटे ड्यूटी सुनिश्चित करने को कहा गया है। एम्बुलेंस सेवाओं को भी पूरी तरह सक्रिय रखने और जिलों में कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी सिविल सर्जन को अपने जिले के अस्पतालों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की रिपोर्ट भेजने को कहा गया है।

सरकार ने लोगों से सुरक्षित और सावधानी से दिवाली मनाने की अपील की है और बच्चों को पटाखों से दूर रखने की सलाह दी है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *