(पटना,बिहार)22नवंबर,2026
बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने होटल मौर्या में उद्योग एवं ऊर्जा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित ‘उद्यमियों से संवाद’ एवं ‘एमओयू एक्सचेंज’ समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर बिहार में ₹2.25 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों को लेकर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ एमओयू का हस्तांतरण किया गया। कार्यक्रम में उद्योग जगत की बड़ी हस्तियों की मौजूदगी ने बिहार के बदलते औद्योगिक माहौल की तस्वीर पेश की।
मुख्यमंत्री जी ने निवेशकों का स्वागत करते हुए कहा कि बिहार में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। निवेशक बिहार पर विश्वास करें, उद्योगों का विस्तार करें और राज्य की प्रगति में अपना योगदान दें। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि बिहार अब केवल संभावनाओं का राज्य नहीं, बल्कि अवसरों का राज्य बन चुका है, जहां निवेशक निश्चिंत होकर उद्योग लगा सकते हैं।
मुख्यमंत्री जी ने निवेशकों को बड़ी राहत देते हुए कहा कि निवेश संबंधी स्वीकृति 30 दिनों के भीतर दी जाएगी। निर्धारित समय में निर्णय नहीं होने पर 31वें दिन स्वतः स्वीकृति (Deemed Approval) का प्रावधान लागू होगा। इस घोषणा से उद्योगपतियों में उत्साह देखा गया, क्योंकि अब फाइलों के चक्कर में समय बर्बाद नहीं होगा और उद्योग जल्द धरातल पर उतर सकेंगे।
मुख्यमंत्री जी ने रोजगार और महिला सशक्तीकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि पिछले छह वर्षों में 13 लाख सरकारी नौकरियां और 2 करोड़ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। आगामी पांच वर्षों में 1 करोड़ लोगों को रोजगार एवं सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य है। साथ ही, 1 करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने और 1 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का संकल्प है। अब तक 50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में भी राज्य सरकार निरंतर ऐतिहासिक कदम उठा रही है। ₹23,000 करोड़ की बिजली सब्सिडी के माध्यम से 1.92 करोड़ परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही, आज 11,000 मेगावाट बिजली के लिए समझौता किया गया। इससे उद्योगों को निर्बाध बिजली मिलेगी और आम लोगों का जीवन भी आसान होगा। (साभार सोशल मीडिया)
