(देहरादून)27नवंबर,2026
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (IRS) पुस्तिका एवं उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (SDMP) 2026-27 का विमोचन किया। विमोचन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य में प्रभावी तैयारी, बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि दोनों दस्तावेज राज्य की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, समन्वित एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
IRS पुस्तिका में आपदा के दौरान विभिन्न अधिकारियों एवं विभागों की भूमिका, जिम्मेदारियों तथा आपसी समन्वय को स्पष्ट किया गया है। इससे आपदा की स्थिति में त्वरित निर्णय लेने, राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा राज्य से लेकर स्थानीय स्तर तक प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। आपदा के दौरान हर अधिकारी और हर विभाग की भूमिका पहले से तय होने से राहत कार्यों में तेजी आएगी और समन्वय और बेहतर होगा।
SDMP 2026-27 में राज्य की भौगोलिक एवं आपदा संबंधी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व तैयारी, चेतावनी, प्रतिक्रिया, राहत, पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण को समग्र रूप से शामिल किया गया है। उत्तराखण्ड की भौगोलिक स्थिति, पर्वतीय क्षेत्रों की चुनौतियों, भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ और बादल फटने जैसी आपदाओं को ध्यान में रखकर यह समग्र योजना बनाई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों दस्तावेजों से आपदा के समय प्रशासन को त्वरित, संगठित और प्रभावी ढंग से कार्य करने में मदद मिलेगी। इससे आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, राहत और बचाव कार्य समय पर होंगे और जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकेगा।(साभार सू वि)
