(चंडीगढ़,हरियाणा)27नवंबर,2026
हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र में गत दिवस संविधान दिवस पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने संविधान निर्माताओं और स्वतंत्रता सेनानियों को सादर नमन किया। उन्होंने कहा कि जिन महापुरुषों ने देश के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया, उन्हीं के प्रयासों से हमें समानता, सम्मान और अधिकारों का आधार मिला। आज हम जिस स्वतंत्रता और गरिमा के साथ जी रहे हैं, वह उन्हीं के त्याग की देन है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि ‘हम भारत के लोग’ – यही हमारे संविधान की आत्मा और हमारी लोकतांत्रिक पहचान है। यही वह भावना है, जो 140 करोड़ भारतीयों को एक परिवार की तरह जोड़ती है। संविधान हमें केवल अधिकार नहीं देता, बल्कि कर्तव्यों का भी बोध कराता है।
उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक ग्रंथ के निर्माण में 15 माननीया महिला सदस्यों की सक्रिय भूमिका एवं हरियाणा के आठ महापुरुषों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। इन सभी ने संविधान सभा में अपने अमूल्य सुझावों से संविधान को जन-जन का संविधान बनाया। हरियाणा को इस गौरवशाली योगदान पर सदैव गर्व रहेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 26/11 के मुंबई आतंकी हमले में जान गंवाने वाले वीर जवानों और निर्दोष नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि उन वीर सपूतों ने आतंक के सामने झुके बिना देश की रक्षा की और अपने बलिदान से राष्ट्र को एकता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि आइए, हम सब संविधान की गरिमा बनाए रखने और उसके आदर्शों को अपने आचरण में अपनाने का संकल्प लें। जब हर नागरिक संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में उतारेगा, तभी भारत और अधिक सशक्त बनेगा।(साभार सोशल मीडिया)
