(नई दिल्ली )07जून,2025.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण दिवस पर एक पेड़ मां के नाम लगाने का अभियान शुरू किया था। एक बार फिर इस दिन भाजपा के सभी शीर्ष नेताओं ने वृक्षारोपण कर भूमि को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी एक पेड़ लगाकर दिल्ली को हरा-भरा बनाने के अभियान की शुरुआत की। यह अभियान राजधानी के हर बूथ के स्तर पर मनाया जा रहा है। भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं-नेताओं और दिल्ली के लोगों से अपील की है कि वे अपने घर-कार में एक घंटा एयर कंडीशनर का उपयोग कम करें जिससे पर्यावरण को गर्मी से बचाने में मदद मिले।
भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली की आबोहवा को बेहतर करने के लिए हर दिल्लीवासी को ‘हरियाली से खुशहाली’ का मंत्र अपनाना होगा। इसके लिए हर व्यक्ति जहां भी रहता है, जिसके आसपास खाली भूमि उपलब्ध है, उसे वहां पर वृक्षारोपण कर दिल्ली को हरा भरा बनाने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने दिल्ली भाजपा कार्यालय में एक नया पौधारोपण किया और वह पौधा भी दिखाया जिसे गत वर्ष लगाया गया था और जो अब एक पेड़ का रूप ले रहा है।
एक घंटा कम चलाएं एसी:
दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति को बेहतर करने के लिए भाजपा ने लोगों से अपील किया कि वे एक घंटा एसी कम चलाएं। यह प्रयास कारों के अंदर भी किया जाना चाहिए और कार चलाते समय कम गर्म मौसम में एसी चलाने से परहेज करना चाहिए। अपील है कि लोग जितने घंटे हर दिन एयर कंडीशन चलाते हैं, उस समय में कम से कम एक घंटा एसी कम चलाएं जिससे पर्यावरण को बेहतर रखने में मदद की जा सके।
वृक्षारोपण में भी घोटाला कर रही थी सरकार:
भाजपा नेता ने कहा कि पिछली सरकार ने वृक्षारोपण में भी बड़ा घोटाला किया था। यदि जितना दावा किया गया था, उतने पेड़ लगाए गए होते तो आज दिल्ली की स्थिति इतनी खराब न होती। उन्होंने कहा कि टूटी सड़कों के कारण 90% सड़क किनारे धूल मिट्टी उड़ती रहती है। यह दिल्ली का प्रदूषण बढ़ाने में बड़ी भूमिका अदा करती है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने लैंडफिल साइट्स से कूड़े के निस्तारण पर भी काम नहीं किया जिसके कारण उसकी ऊंचाई बढ़ती रही। लेकिन अब लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2026 तक कूड़े के निस्तारण का बड़ा परिणाम दिखाई देगा।(साभार एजेंसी)