(गोरखपुर ,UP)09जून,2025.
सूरजकुंड में कल्याण मंडपम के लोकार्पण के बाद सीएम योगी ने घोषणा की कि नगर निगम की ओर से बनाया जाने वाला 75 बेड का वर्किंग वूमेन हॉस्टल महिला सशक्तिकरण की प्रतिमान और धर्म-संस्कृति के प्रति समर्पित रहीं लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर होगा। कामकाजी महिलाओं के लिए बनने वाले छात्रावास का यह नामकरण लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर उनकी स्मृतियों को जीवंत कर सदैव प्रेरित करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने मालवा साम्राज्य को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही अहिल्याबाई होल्कर ने महिलाओं, किसानों, शिल्पकारों समेत समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए अनुकरणीय कार्य किए। वह महान शिवभक्त थीं और काशी विश्वनाथ मंदिर, पुरी मंदिर, गयाजी मंदिर, महाकाल मंदिर, ओंकारेश्वर मंदिर, सोमनाथ मंदिर के पुनरोद्धार का कार्य कर धर्म और संस्कृति की भी रक्षा की।
उन्होंने कहा किसी भी सभ्य समाज के लिए उसकी जरूरत के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं और संसाधन जुटाना लोकप्रिय सरकार का दायित्व होना चाहिए। सुविधाओं और संसाधनों की व्यवस्था होना समस्या समाधान का भी मंच बनता है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि आज के समय में समाज के अलग-अलग तबके के लिए उनकी आय के अनुरूप बेहतरीन सुविधाएं और व्यवस्थाएं देकर उनका जीवन आसान बना सकें।
4.52 करोड़ रुपये की लागत से 35500 वर्गफीट क्षेत्र में बने कल्याण मंडपम के बारे में चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि गोरखपुर नगर निगम प्रदेश का पहला नगर निगम है, जिसने निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोगों के मांगलिक कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कल्याण मंडपम बनाने की पहल की। 11 से 25 हजार रुपये में यदि मांगलिक कार्य के लिए कल्याण मंडपम जैसा स्थल मिल जाए तो समारोह काफी आसानी, अच्छे और सस्ते में हो सकता है।
सांसद रवि किशन की चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि इनके पास पैसा है तो वह 15 लाख तक खर्च कर सकते हैं। इसके अलावा नगर निगम की तरफ से पांच और कल्याण मंडपम निर्माणाधीन हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने विधायक निधि का पूरा पैसा कल्याण मंडपम के लिए दे दिया है। कहा कि गोरखपुर नगर निगम जैसी संस्थाएं अन्य निकायों के लिए मानक बन सकती हैं।
मंचीय कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर और फीता काटकर कल्याण मंडपम का औपचारिक उद्घाटन किया।
समारोह में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में नगर निगम गोरखपुर को उत्कृष्ट शहर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री की प्रेरणा से स्वच्छता बढ़ाने और वायु-जल के प्रदूषण को न्यूनतम करने में सतत सफलता मिल रही है। कार्यक्रम में गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभूतपूर्व विकास कार्यों से गोरखपुर को एक नई पहचान दी है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक महेंद्रपाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, नगर निगम के उप सभापति धर्मदेव चौहान, पूर्व मेयर अंजू चौधरी, डॉ. सत्या पांडेय, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, स्थानीय पार्षद आरती सिंह, महानगर अध्यक्ष देवेश श्रीवास्तव, पूर्व अध्यक्ष राजेश गुप्ता, पुष्पदंत जैन आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।