इंटरनेशनल ट्रेड शो:80 से अधिक देश,500 से अधिक खरीदार देखेंगे “मेड इन यूपी” का प्रभाव

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)25अगस्त,2025.

ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) में 80 देशों के 500 से अधिक खरीदारों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें से अब तक 75 देशों के 340 से ज्यादा ने आने की पुष्टि भी कर दी है।

यूपीआईटीएस प्रदेश के उत्पादों के लिए वैश्विक बाजार के दरवाजे खोलने वाला साबित होगा।

ट्रेड शो में ओडीओपी उत्पादों की विशेष प्रदर्शनी लगाकर इन्हें वैश्विक खरीदारों से सीधे जोड़ा जाएगा। इससे न सिर्फ स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को फायदा मिलेगा, बल्कि निर्यात और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इसका उद्देश्य प्रदेश को निर्यात के मामले में शीर्ष पायदान पर ले जाना और निवेश आकर्षित करना है।

सरकार चाहती है कि हर जिले का हुनर वैश्विक बाजारों तक पहुंचे। यूरोप से 110 ग्राहकों के आने की संभावना है। अब तक 88 ने सहमति दे दी है। पश्चिम एशिया से 100 ग्राहकों का लक्ष्य है जिसमें से 12 देशों के 76 खरीदार अपनी उपस्थिति सुनिश्चित कर चुके हैं। साउथ ईस्ट एशिया से 80 खरीदारों के आने की उम्मीद है। इनमें से पांच देशों के 10 खरीदार पुष्टि कर चुके हैं।

शो में साउथ एशिया रीजन से 50 में से 30 खरीदार आने वाले हैं। लैटिन अमेरिकी देशों से 50 और नॉर्थ अमेरिका से 30 खरीदारों के आने की उम्मीद है। अफ्रीका से 50 खरीदारों को लाने का लक्ष्य है। इनमें 11 देशों के 38 बायर्स पहले ही सहमति दे चुके हैं।

17 प्रमुख क्षेत्रों के उत्पादों की लगेगी प्रदर्शनी:
इस मेगा इंटरनेशनल शो को खास बनाने के लिए 17 प्रमुख सेक्टर्स के उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। इनमें प्रदेश की विशेष पहचान बनाने वाले उत्पाद और ओडीओपी मुख्य होंगे।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *