पहाड़ों में हुई बर्फबारी से उ.प्र.में मौसम ने लिया यू-टर्न

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)13अक्टूबर,2025.

माैसम विभाग ने 13 अक्तूबर को मानसून की विदाई की औपचारिक रूप से घोषणा कर दी है। इसके साथ ही उ.प्र. के ज्यादातर इलाकों में ठंड ने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। वहीं हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ों पर हुई बर्फबारी और ठंडी पछुआ हवाओं के असर से दिल्ली एनसीआर समेत प्रदेशभर में न्यूनतम पारे में गिरावट देखने को मिली है, साथ ही सुबह शाम की हवा सिहरन भरी होने लगी है।

दोपहर की धूप में तपिश कम हुई है।सोमवार को कानपुर शहर और बाराबंकी में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 16 डिग्री तक पहुंच गया। राजधानी समेत लगभग 20 जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश से दक्षिणी पश्चिमी मानसून की संपूर्ण वापसी हो गई है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के माैसम में किसी खास बदलाव के आसार नहीं हैं। साथ ही दिन व रात के तापमान के सामान्य या इससे थोड़ा कम रहने के संकेत हैं।

पहाड़ों पर हुआ हिमपात
, लाहौल-स्पीति की चंद्राघाटी में गोंदला के सामने लगती पहाड़ियों से मौसम साफ होते ही हिमस्खलन होना शुरू हो गया है। शनिवार को दोपहर बाद पहाड़ी से अचानक हिमस्खलन हुआ। हालांकि, इससे क्षेत्र में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 17 अक्तूबर तक मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। अगले 4-5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। जबकि अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।

रात में सर्दी दिन में गर्मी,माैसम का बदला मिजाज
राजधानी लखनऊ में अक्तूबर के दूसरे हफ्ते में माैसम ने एकदम से करवट लिया है। सोमवार को दिन में धूप की वजह से पारे में 1.2 डिग्री की बढ़त के साथ हल्की गर्मी रही, जबकि रात का पारा लुढ़ककर 18 डिग्री के आसपास ठहर गया। बीते दो दिनों से रात से सुबह के बीच लोगों को ठंड महसूस होने लगी है। तापमान में इस उतार चढ़ाव से लोगों को सर्दी-जुकाम जैसी समस्याएं शुरू हो गई हैं।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि आगामी कुछ दिनों तक लखनऊ में अधिकतम और न्यूनतम तापमान के सामान्य या इससे नीचे रहने की संभावना है। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री की बढ़त के साथ 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं रात का पारा 0.2 डिग्री की बढ़त के साथ 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *