पछुआ हवा से गिरा तापमान,रातें हुईं और ज्यादा ठंड

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)10नवंबर,2025.

उत्तर प्रदेश में मौसम अब पूरी तरह बदलने लगा है। नवंबर के दूसरे सप्ताह में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। हालांकि अभी ऐसी ठंड नहीं पड़ी है कि लोग ठिठुरने लगें, लेकिन सुबह और रात के समय हल्की सिहरन और कोहरे ने मौसम में ठंडक घोल दी है। वहीं दिन में खिली हुई धूप लोगों को राहत दे रही है।

माैसम विभाग का कहना है कि फिलहाल तीन से चार दिनों तक यूपी का माैसम ऐसा ही रहने वाला है। कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। अगर पछुआ हवाओं का रुख ऐसे ही बना रहा तो आगामी सप्ताह से ठंड का असर और तेज महसूस होगा।

रविवार को बाराबंकी, कानपुर शहर, प्रयागराज, बरेली, आगरा और सोनभद्र समेत प्रदेश के दस से अधिक जिलों में रात का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस या इसके आसपास दर्ज किया गया। पश्चिमोत्तर दिशा से चल रही पछुआ हवाओं ने रातों को और ठंडा बना दिया है। सुबह के समय कोहरे की पतली चादर ने दृश्यता को भी कुछ क्षेत्रों में प्रभावित किया। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार तराई और पूर्वांचल के जिलों में सुबह के समय कोहरा और बढ़ेगा, जबकि दिन में धूप की मौजूदगी बनी रहेगी।

सर्द हवाओं के आगे फीकी पड़ गई धूप:
राजधानी में पछुआ हवाओं के जोर से ठंड ने पांव पसारना शुरू कर दिया है। पछुआ हवाओं के प्रभाव से तापमान में गिरावट से पारा सामान्य से नीचे पहुंच गया है। रविवार को ठंडी के हवाओं के असर से दिन में धूप फीकी महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन तक ठंड का असर ऐसे ही रहेगा। मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।

शनिवार देर शाम से ही सर्द पछुआ हवाओं ने सिहरन बढ़ा दी थी। शनिवार रात में और फिर रविवार की सुबह तक बीते दिनों की तुलना में ज्यादा ठंड महसूस हुई। रविवार को सुबह-शाम के अलावा दिन में भी हल्के गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हुई।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि हाल ही में गुजरे पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी हिमालय में बर्फबारी हुई है। इन क्षेत्रों से आ रही उत्तरी-पछुआ हवाओं के असर से लखनऊ में दिन और रात के पारे में गिरावट देखने को मिल रही है।

अगले कुछ दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। सुबह शाम में कोहरे का असर भी देखने को मिल सकता है।

रविवार को अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री की गिरावट के साथ 28.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री की मामूली कमी के साथ 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड हुआ।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *