आधी आबादी को नजरअंदाज कर आत्मनिर्भर नहीं हो सकता समाज: सीएम योगी

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)22नवंबर,2025.

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आधी आबादी को नजरअंदाज कर समाज कभी स्वावलंबी और आत्मनिर्भर नहीं बन सकता है। आधी आबादी आगे बढ़ेगी तो समाज भी आगे बढ़ेगा। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुक्रवार को आयोजित फिक्की फ्लो के राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज प्रगति तभी करता है, जब ऐसे संगठन नेतृत्व करते हैं और सरकार उन्हें पीछे से सहयोग करती है।

मुख्यमंत्री ने फिक्की फ्लो के कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आधी आबादी विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए संकल्पित होगी तो भारत को विकसित होने से कोई रोक नहीं सकता। जितनी सशक्त भागीदारी पुरुषों की है, उससे भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी महिलाएं निर्वहन कर सकती हैं। उन्होंने फिक्की फ्लो के कार्यों की प्रशंसा की। सीएम ने कहा कि फिक्की फ्लो के 20 चैप्टर में 16 हजार से अधिक प्रोफेशनल्स आपके साथ जुड़े हैं लेकिन 140 करोड़ के भारत में यह संख्या काफी कम है। उन्होंने कहा कि नया भारत सबसे तेज गति से उभरती हुई अर्थव्यवस्था के रूप में है। हम बहुत जल्द तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेंगे। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन, नेतृत्व है लेकिन अर्थव्यवस्था का नेतृत्व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कर रही हैं।

सीएम ने कहा कि प्रदेश में एफपीओ गठित हो रहे हैं। प्रदेश में 16 हजार से अधिक स्टार्टअप हैं। कइयों को महिलाएं ही स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि और अधिक महिलाओं को जोड़ें और संगठन की संख्या 16 हजार नहीं, बल्कि पहले चरण में 16 लाख पहुंचाने का लक्ष्य रखें। सीएम ने कहा कि नर्सिंग का कार्य जितना अच्छा महिला कर सकतीं, उतना पुरुष नहीं कर सकते। यह सेवा व रोजगार का बड़ा माध्यम है। इस दौरान फिक्की फ्लो की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम शर्मा, नेशनल सीनियर वाइस प्रेसिडेंट पूजा गर्ग, संस्थापक अध्यक्ष आभा डालमिया, पूर्व अध्यक्ष रंजना अग्रवाल, वंदिता अग्रवाल और कीर्ति श्राफ आदि मौजूद रहीं।

यूपी की कानून व्यवस्था बनी देश का मॉडल:

सीएम योगी ने कहा कि साढ़े आठ वर्ष पहले हमें जब सत्ता मिली थी, तबके यूपी की स्थिति किसी से छिपी नहीं हैं। असुरक्षा का वातावरण था, कानून व्यवस्था तार-तार थी, दंगे होते थे। बेटी, बाजार, व्यापारी, उद्यमी भी सुरक्षित नहीं थे। हमारी सरकार ने अपराध व अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्य प्रारंभ किया। आज देश में यूपी की कानून व्यवस्था मॉडल के रूप में जानी जाती है।

वीमेन वर्कफोर्स में हुई बढ़ोतरी:

सीएम योगी ने कहा कि जब हम सत्ता में आए थे तो वीमेन वर्कफोर्स महज 12 से 15 फीसदी था। आज यह संख्या 35-36 फीसदी हो चुकी है। 2017 में यूपी पुलिस में महिलाओं की संख्या केवल 10 हजार थी। आज यूपी पुलिस में 44,000 महिला कार्मिक हैं। हमने 20 फीसदी महिलाओं की भर्ती अनिवार्य की।स्कूली शिक्षा,आंगनबाड़ी केंद्रों आदि सेक्टरों में महिलाओं का कार्य काफी बेहतरीन है(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *