एसआईआर की समय सीमा 31 दिसंबर तक बढ़ी

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)11दिसंबर,2025.

यूपी में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए केंद्रीय चुनाव आयोग से और समय मांगा गया है। इसे अब मंजूर कर दिया गया है। यूपी में अब एसआईआर की सीमा 31 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि इस संबंध में आयोग को पत्र भेज दिया था। ताकि मृतक, स्थानांतरित और अनुपस्थित मतदाताओं का पुन: सत्यापन कराया जा सके।

रिणवा ने बताया कि प्रदेश में 99.24 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन का काम पूरा हो चुका है। डिजिटाइज गणना प्रपत्रों में 18.85 प्रतिशत गणना प्रपत्र असंग्रहीत यानी मृतक, स्थाई रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं। अभी तक 80.29 प्रतिशत गणना प्रपत्र मतदाता व उसके परिवार के अन्य सदस्य के हस्ताक्षर से वापस मिल चुके हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 18.85 प्रतिशत लगभग 2.91 करोड़ मतदाताओं के गणना प्रपत्र असंग्रहीत श्रेणी के हैं, जिसमें सर्वाधिक 8.22 प्रतिशत यानी लगभग 1.27 करोड़ स्थायी रुप से अपने निवास स्थान से स्थानांतरित मतदाता हैं।

2.98 प्रतिशत यानी लगभग 45.95 लाख मृतक मतदाता, 1.5 प्रतिशत यानी लगभग 23.69 लाख ऐसे मतदाता हैं, जो पहले से ही किसी और स्थान पर भी मतदाता हैं। 0.62 प्रतिशत या 9.58 लाख ऐसे मतदाता हैं, जिन्होंने गणना प्रपत्र लेकर अभी तक वापस नहीं किया। वहीं, 5.49 प्रतिशत यानी 84.73 लाख मतदाता अनुपस्थित हैं।
76 प्रतिशत से अधिक मैपिंग का काम
मतदाताओं से अभी तक प्राप्त गणना प्रपत्रों की मैपिंग का काम 76 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। यह मैपिंग वर्ष 2003 की मतदाता सूची से की गई है। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मैपिंग के काम में और तेजी लाते हुए इसे जल्द से जल्द पूरा करें।

जिनका सूची में नाम नहीं, फॉर्म-6 भरें:
उन्होंने कहा कि ऐसे मतदाता जिनका नाम वर्ष-2025 की मतदाता सूची में न होने से उनको गणना प्रपत्र नहीं प्राप्त हुए, उनसे फार्म-6 भरवाएं जाएं। इसी तरह 1 जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे युवाओं को मतदाता बनने के लिए फार्म-6 भरवाए जाएं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 14 जिलों, 132 विधानसभा क्षेत्रों और 143509 मतदेय स्थलों में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का काम पूरा हो चुका है।

वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी असंग्रहीत मतदाताओं की सूची:
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से मृतक, स्थाई रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं के सत्यापन में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सभी बूथ लेवल अधिकारी बैठककर अपने क्षेत्र के बूथ लेवल एजेंट को 12 दिसंबर तक असंग्रहीत मतदाताओं की सूची उपलब्ध कराएंगे। यह सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी।
मतदाताओं को फॉर्म-8 भरना होगा
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अभय किशोर ने बताया कि अब नए वोटरों को जोड़ने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। आवेदन आ भी रहे हैं। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर फॉर्म-6 भरकर नए वोटर के लिए आवेदन किया जा सकता है। अगर ऑनलाइन आवेदन करने में कोई दिक्कत आ रही है तो बीएलओ से संपर्क कर ऑफलाइन आवेदन करने की सुविधा है। एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विस्थापित हुए लोगों के नाम भी जोड़े जाएंगे। इसके लिए उन मतदाताओं को फॉर्म-8 भरना होगा।

कोई दिक्कत आए तो करें कॉल:
अब भी जिन्होंने एसआईआर फॉर्म भरकर जमा नहीं किया है, वह भर सकते हैं। एसआईआर फॉर्म भरना हो या फिर नए वोटर बनने के लिए आवेदन संबंधी जानकारी चाहिए तो इसके लिए 0522-1950 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। हेल्पलाइन पर आयोग से संबंधित कर्मचारी पूरी जानकारी देंगे और फॉर्म भरवाने में मदद करेंगे।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *