(आगरा,UP)8जनवरी,2026.
सर्दी का सितम जारी है। एक ओर आसमान से सूरज नदारद है, वहीं, दूसरी ओर गलन ने लोगों की दिनचर्या को अस्त व्यस्त कर रखा है। बुधवार को सूरज निकलने के बाद भी अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की गई। पारा सामान्य से करीब 6 डिग्री नीचे रहा।
शीत दिवस परिस्थितियां बनने से ठंड अधिक महसूस हुई। कोहरे के चलते रेल यातायात भी प्रभावित रहा। दृश्यता शून्य रहने के कारण करीब एक दर्जन ट्रेनें विलंब से चलीं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटों में मौसम में कोई विशेष परिवर्तन आने की संभावना नहीं है।
पिछले एक सप्ताह से शहर में सर्दी के तेवर तीखे बने हुए हैं। घना कोहरा, शीत लहर और सूरज नहीं निकलने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बुधवार को दिन में कोहरा छंटे तो शहरवासी सूरज निकलने की आस में छत और आंगन तक आ गए। सूरज निकला लेकिन बादलों के चलते सूरज की किरणों से तपिश नदारद थी। वहीं, ठंडी हवाओं ने लोगों को टोपी, मफलर, दस्ताने पहनने को मजबूर किया। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस रहा जो मंगलवार की तुलना में 0.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान में 2.8 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई और यह 9.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार, लगातार तीसरे दिन बाद शहर में बृहस्पतिवार को भी सुबह घना कोहरा रहने के आसार हैं। सर्दी से विशेष राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
कोहरे ने थामी ट्रेनों की रफ्तार,यात्रियों को करना पड़ा घंटों इंतजार:
कोहरे के धुंध के कारण आगरा कैंट से गुजरने वाली कई ट्रेनें घंटों लेट रहीं। ट्रेन के इंतजार में यात्री स्टेशन पर घंटों सर्दी में ठिठुरते रहे। बुधवार को 11 ट्रेन घंटों लेट रहीं। इनमें सबसे ज्यादा 4 घंटे 55 मिनट लेट उत्तर प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस रही।
आगरा कैंट से गुजरने वाली ट्रेनों में दक्षिण सुपरफास्ट एक्सप्रेस 3 घंटे, जबलपुर निजामुद्दीन सुपरफास्ट एक्सप्रेस पाैने तीन घंटे, जीटी एक्सप्रेस पाैने तीन घंटे, गोंडवाना एक्सप्रेस 3 घंटे लेट रहीं। राजधानी एक्सप्रेस 3 घंटे, तमिलनाडु सुपरफास्ट एक्सप्रेस, पाैने तीन घंटा, गोवा एक्सप्रेस सवा घंटा, एपी एक्सप्रेस पाैने चार घंटे, साईनगर शिरडी कालका सुपरफास्ट एक्सप्रेस 3 घंटे की देरी से आगरा कैंट पहुंची। इस बारे में रेलवे की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि काेहरे के कारण ट्रेन लेट हो रहीं हैं। यात्रियों से अपील है कि वे जब भी स्टेशन पर आएं तो पहले ट्रेनों की स्थिति को देख लें। ट्रेनों की स्थिति का अपडेट देखने के बाद भी स्टेशन पहुंचेें।(साभार एजेंसी)
