जनगणना 2027:पूछे जाएंगे 34 प्रमुख सवाल

UP / Uttarakhand

(बरेली,UP)20जनवरी,2026.

देश में आठवीं जनगणना कई मायनों में खास है। 22 मई से इसके प्रथम चरण का आगाज होगा जो 20 जून तक चलेगा। इसमें मकानों की गणना होगी। प्रगणक आपसे 34 सवाल पूछेंगे। पारिवारिक जानकारी के साथ आपको अनाज-पानी का भी ब्योरा देना होगा। इन सवालों के जरिये आपके जीवनस्तर का आंकलन होगा।

बरेली में नोडल अधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि सवालों के उत्तर देने में संकोच न करें। इसी के आधार पर सरकार योजनाओं का सृजन करती है और पात्रों को लाभ मिलता है। इस बार परिवार का व्यक्ति स्व-गणना भी कर सकेगा। जनगणना का तात्पर्य किसी निश्चित क्षेत्र में रहने वाले लोगों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आंकलन करने से है।

प्रमुख सवाल:
रसोईघर की उपलब्धता कैसी है और भोजन गैस पर पकता है या चूल्हे पर?
आपके घर में रेडियो/ट्रांजिस्टर या टेलीविजन है या नहीं?
कंप्यूटर/लैपटॉप और इंटरनेट सुविधा है या नहीं?
टेलीफोन, मोबाइल/स्मार्ट फोन है या नहीं?
मकान नंबर, उसकी स्थिति और वास्तविक उपयोग क्या है?
परिवार का क्रमांक और परिवार में व्यक्तियों की संख्या कितनी है?
परिवार के मुखिया का नाम और लिंग के साथ ही जाति क्या है?
परिवार में विवाहित दंपतियों की संख्या कितनी है?
पेयजल का स्रोत क्या है?
शौचालय का प्रकार और उसकी सुलभता कैसी है?
गंदे पानी की निकासी के क्या इंतजाम हैं?
भोजन में उपयोग किया जाने वाला मुख्य अनाज क्या है?

समन्वय समिति की पहली बैठक में हुआ मंथन:
जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति (डीएलसीसीसी) की पहली बैठक सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें कार्मिकों की तैनाती पर चर्चा हुई। समन्वय समिति के अध्यक्ष डीएम/प्रमुख जनगणना अधिकारी अविनाश सिंह ने अधिकारियों को जरूरी जानकारी और दिशा-निर्देश दिए। कहा कि मास्टर एवं फील्ड ट्रेनर्स, प्रगणकों व पर्यवेक्षकों की सूची को पहले से ही डिजिटल तैयार कर लिया जाए। बैठक का संचालन एडीएम संतोष कुमार सिंह ने किया। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, डीपीआरओ कमल किशोर, अर्थ एवं संख्या अधिकारी अजया चौधरी एवं जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी मो. शिब्तेन अली मौजूद रहे।

डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि जनगणना पदाधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। मकानों की गणना 22 मई से शुरू होगी। जनगणना पूरी तरह पेपरलेस होनी है। फील्ड कार्य के लिए 700 से 800 प्रगणक नियुक्त किए जाएंगे। छह प्रगणकों पर एक सुपरवाइजर की नियुक्ति होगी।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *