अब गांव में ही बन सकेगा “आधार”

UP / Uttarakhand

(फिरोजाबाद,UP)23जनवरी,2026

आधार कार्ड नया बनवाने के साथ संशोधन कराने को ग्रामीण अंचल के निवासियों को बैंक अथवा डाकघरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। न उनको घंटों तक इंतजार करना होगा। ग्रामीण अंचल में लगातार बढ़ रही आधार कार्ड बनवाने की समस्या को ध्यान में रखते हुए पंचायतों के सचिवालयों में इसकी सुविधा उपलब्ध होंगी। शासन के निर्देश पर जिले की 50 ग्राम पंचायतों के नाम की सूची बनाकर शासन को भेज दी है। शीघ्र ही ग्रामीण जनता को यह सुविधा मुहैया होना प्रारंभ हो जाएगी।

आधार कार्ड बनवाने के साथ-साथ उसमें जन्मतिथि एवं पता सही कराने के लिए ग्रामीण अंचल के नागरिकों को शहर के डाकघरों के साथ ही साथ बैंकों के चक्कर लगाने पड़ते है। खासतौर से मुख्य डाकघर मे तो तड़के पहले टोकिन लेने के लिए आना पड़ता है। इसके बाद तिथि आवंटित होने के बाद जिस दिन सही कराने को आना पड़ता है। इसके कारण ग्रामीण क्षेत्र के महिला पुरुषों के साथ बच्चों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

जिले की कुछ बैंकों में आधार कार्ड सुधार का काम किया जाता है। लेकिन यहां भी भीड़ लगी दिखाई देती है। इस दिक्कत को ध्यान में रखते हुए जिले की ग्राम पंचायतों में संचालित होने वाले ग्राम सचिवालयों में आधार कार्ड बनाने के साथ सुधार की शुरूआत करने की तैयारी शासन स्तर से की जा रही है। पंचायतीराज विभाग से जिले की 50 ग्राम पंचायतों की सूची मांगी गई है। ताकि ग्रामीण जनता को उसके गांव में आधार का़र्ड को बनाने के साथ सुधार करने की सुविधा मुहैया हो सके। शासन के निर्देश मिलने के बाद इनकी सूची शासन को भेज दी गई है।

डीपीएम गौरव यादव ने बताया कि आधारकार्ड में संशोधन के साथ उसमें सुधार किए जाने की सुविधा ग्राम पंचायतों में मुहैया कराने की तैयारी शासन की ओर से की जा रही है। इस काम के लिए प्रयोग के तौर पर 50 ग्राम पंचायतों के नाम मांगे गए थे। सभी ब्लाकों से इन नामों को भेजा गया है। ताकि ग्रामीण जनता को कुछ राहत मिल सके।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *