बदायूं हत्याकांड पर मुख्यमंत्री योगी सख्त

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)14मार्च,2026.

बदायूं के सैजनी स्थित एचपीसीएल के सीबीजी प्लांट में दो अधिकारियों की गोली मारकर हत्या की सनसनीखेज घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार शाम मुख्यमंत्री ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि मामले में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए बरेली मंडलायुक्त की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। यह एसआईटी पूरे मामले की गहनता से जांच कर सच्चाई सामने लाएगी।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि घटना में शामिल आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, इसके बावजूद यदि जांच में किसी बड़ी साजिश या अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो प्रदेश सरकार की अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सीएम योगी ने यह भी कहा कि सैजनी स्थित सीबीजी प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तत्काल पुलिस चौकी स्थापित कर दी गई है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना में मारे गए अधिकारियों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *