(जयपुर,राजस्थान)16जून,2026
राजस्थान की बहुप्रतीक्षित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी अब उत्पादन शुरू करने की दहलीज पर पहुंच गई है। इसी सप्ताह रिफाइनरी से डीजल का उत्पादन का ट्रायल रन शुरू होने जा रहा है। रिफाइनरी पूरी क्षमता से संचालन शुरू होने के बाद हर साल करीब 40 लाख टन (4 मिलियन टन) डीजल और 10 लाख टन (1 मिलियन टन) पेट्रोल का उत्पादन करेगी। इसके अलावा 10 लाख टन पॉलीप्रोपाइलीन तथा एलएलडीपीई, एचडीपीई, ब्यूटाडाइन, बेंजीन, टोल्यूइन और सल्फर जैसे पेट्रोकेमिकल उत्पाद भी तैयार किए जाएंगे।
रिफाइनरी के उत्पादों की बिक्री और वितरण के लिए हिन्दुस्तान पेट्रोलियम ने प्रदेश में करीब 300 नए पीओएल (पेट्रोलियम ऑयल एंड लुब्रिकेंट) आउटलेट खोलने की योजना बनाई है। इसके अलावा रोडवेज, पुलिस, जेल, पर्यटन विभाग, स्टेट मोटर गैराज और जिला कलेक्टर पूल जैसे सरकारी संस्थानों की ईंधन आवश्यकताओं को भी रिफाइनरी के उत्पादों से पूरा करने की रणनीति बनाई जा रही है।
विज्ञापन
राज्य सरकार ने रिफाइनरी उत्पादों के विपणन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव अपर्णा अरोरा की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया है। यह समिति राज्य में उत्पादों के अधिकतम उपयोग और नए बाजार विकसित करने की संभावनाओं पर काम करेगी।(साभार एजेंसी)
