(लखनऊ,UP)18जून,2026.
सीएम ग्रिड योजना के तहत शहर में अब सात और सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा। ये सड़क योजना के चौथे चरण में शामिल की जा रही हैं। बृहस्पतिवार को शासन स्तर पर विशेष बैठक होनी है जिसमें चौथे चरण में बनने वाली सड़कों के प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है।
करीब दो वर्ष पहले शासन ने सीएम ग्रिड योजना शुरू की थी। इसके पहले चरण में शहर की सात सड़कों को शामिल किया गया था। इनका निर्माण 186 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इन सड़कों का काम जनवरी में ही पूरा होना था जो अब तक चल ही रहा है। करीब 20 प्रतिशत काम बचा है। दूसरे चरण में तीन सड़कों का निर्माण करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। तीसरे चरण में भी काम चल रहा है। अब चौथा चरण शुरू होने वाला है। इसके लिए नगर निगम की ओर से अभी अलग-अलग इलाकों की सात सड़कों को चुना गया है। इनके निर्माण पर करीब 442 करोड़ रुपये खर्च होंगे। चौथे चरण के प्रस्ताव में शामिल सड़कों में कितनी बनेंगी या सभी बनेंगी, यह बृहस्पतिवार को होने वाली उच्च स्तरीय बैठक में तय होगा।
चौथे चरण में शामिल हैं ये सड़कें
0 वृंदावन योजना स्थित सेक्टर-6 में आकाश एनक्लेव के सामने स्थित पेट्रोल पंप तिराहे से परशुराम चौराहा होते हुए ऐलन हाउस स्कूल व रमजान नगर चौराहा तक।
0 हिंद नगर वार्ड व विद्यावती द्वितीय वार्ड स्थित लोकबंधु चौराहे से पराग रोड होते हुए पुरानी चुंगी व सीएमएस से रोहतास अपार्टमेंट व कानपुर रोड तक।
0 सीएमएस से कमेटी हाॅल व गंगाराम हाॅस्पिटल होते हुए स्प्रिंग डेल स्कूल व सेक्टर जी चौराहा होते हुए मल्टी एक्टिविटी से जोनल पार्क तक तथा लोकबंधु चौराहा व सेक्टर जी होते हुए पराग रोड स्थित शनि देव मंदिर से चरनजीत चौक तक(साभार एजेंसी)
