(चंडीगढ़,हरियाणा) 23जून,2026.
हरियाणा पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को फिंगरप्रिंट विज्ञान तथा आधुनिक अपराध जांच तकनीकों में दक्षता बढ़ाने का माैका मिलेगा। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) नई दिल्ली की ओर से 12 सप्ताह के फिंगरप्रिंट विज्ञान तथा दक्षता पाठ्यक्रम के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए हैं।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 6 जुलाई से शुरू होकर सितंबर 2026 तक चलेगा। कोर्स का आयोजन एनसीआरबी मुख्यालय नई दिल्ली में किया जाएगा। इसके लिए इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, सहायक उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल श्रेणी के इच्छुक पुलिस कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को फिंगरप्रिंट साइंस, नेशनल ऑटोमेटेड फिंगरप्रिंट आइडेंटिफिकेशन सिस्टम, डिजिटल पहचान तकनीक और आधुनिक अपराध जांच के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। इससे जांच अधिकारियों की तकनीकी दक्षता बढ़ेगी और अपराधों के वैज्ञानिक अनुसंधान को मजबूती मिलेगी(साभार एजेंसी)
