(लखनऊ,UP)26जुलाई,2026.
योगी सरकार ने आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुगम व सुरक्षित बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांवड़ यात्रियों के लिए यूपीएसआरटीसी अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। साथ ही इस दौरान निगरानी के लिए 24 घंटे चलने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।
परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने निगम बसों के सुरक्षित संचालन और यात्रियों की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह ने कहा कि प्रत्येक क्षेत्रीय मुख्यालय पर 24 घंटे संचालित होने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।.
परिवहन मंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज जैसे प्रमुख मार्गों पर भी आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी।
बस स्टेशनों पर यात्रियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
निर्देश दिए गए हैं कि कांवड़ मार्ग पर स्थित बस स्टेशनों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पूछताछ कक्ष, ध्वनिविस्तारक यंत्र की समुचित व्यवस्था की जाएगी।(साभार एजेंसी)
