(रांची,झारखण्ड)17अगस्त,2026.
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन सोमवार को 24वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारी छात्रों ने JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने और कथित गड़बड़ियों की CBI जांच कराने की मांग दोहराई है। छात्र नेताओं ने कहा है कि यदि 18 अगस्त तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ, तो 20 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव किया जाएगा। इसी बीच राज्य सरकार ने छात्रों से बातचीत की पहल की है।
देवेंद्र नाथ महतो गुट के छात्र नेता रामअवतार महतो ने कहा कि यदि सरकार मंगलवार को दोपहर 2 बजे बातचीत के लिए बुलाती है, तो सबसे पहले छात्र नेताओं को इस संबंध में विचार करना होगा। उन्होंने कहा कि देवेंद्र नाथ महतो ने शुरुआत से ही छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया है और 25 तारीख से शुरू हुए सत्याग्रह में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
रामअवतार महतो ने बताया कि देवेंद्र नाथ महतो फिलहाल सदर अस्पताल में भर्ती हैं। छात्रों की योजना है कि मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे अस्पताल जाकर उनके स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी ली जाए। यदि उनकी तबीयत स्थिर रहती है तो उन्हें सुबह 11 बजे तक अस्पताल से लाकर आंदोलन स्थल पर पहुंचाया जाएगा। इसके बाद छात्र नेता तय दिशानिर्देश के अनुसार आगे की रणनीति बनाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि दोपहर 2 बजे सरकार के साथ बैठक होती है तो देवेंद्र नाथ महतो और अन्य छात्र नेताओं को शामिल करते हुए एक प्रतिनिधिमंडल बातचीत के लिए जाएगा और सरकार के सामने छात्रों का पक्ष रखा जाएगा।(साभार एजेंसी)
