(पटना,बिहार)22सितंबर,2026
मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में बिहार ग्रीन हाइड्रोजन नीति-2026 के प्रारूप को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में विस्तृत चर्चा की।
प्रस्तावित बिहार ग्रीन हाइड्रोजन नीति-2026 के तहत राज्य में लगभग 16,000 करोड़ रुपए के निवेश की संभावना है, जिससे करीब 12,000 रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रीन हाइड्रोजन मिशन-2030 के लक्ष्यों के अनुरूप राज्य में ग्रीन हाइड्रोजन के उत्पादन एवं उपयोग को बढ़ावा देने के लिए कार्य किया जाए, ताकि स्वच्छ ऊर्जा, हरित तकनीक और सतत विकास को प्रोत्साहित किया जा सके।
मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने बरौनी रिफाइनरी एवं हिन्दुस्तान उर्वरक रसायन लिमिटेड के अधिकारियों के साथ समन्वय कर बिहार के अन्य क्षेत्रों में भी हाइड्रोजन प्लांट स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करने का निर्देश दिया।
उन्होंने राज्य में ग्रीन हाइड्रोजन के उत्पादन एवं उपयोग की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित उद्योगों एवं संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर आगे की कार्ययोजना तैयार करने को कहा।(साभार एजेंसी)
