(लखनऊ ,UP)27अक्टूबर 2026
उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए चार लिंक एक्सप्रेसवे परियोजनाओं के निर्माण प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं पर कुल 17,542 करोड़ रुपये खर्च होंगे और निर्माण कार्य को तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
यूपीडा के प्रस्ताव के तहत इन एक्सप्रेसवे का निर्माण इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) मोड पर किया जाएगा। इनमें फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे (लंबाई करीब 90 किमी), आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाला लिंक एक्सप्रेसवे, झांसी लिंक एक्सप्रेसवे (106 किमी) और जेवर लिंक एक्सप्रेसवे (74 किमी) शामिल हैं। निर्माण एजेंसियों को प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद पांच साल तक रखरखाव भी करना होगा।
कैबिनेट ने झांसी-ललितपुर में 6.5 लाख मीट्रिक टन की अतिरिक्त भंडारण क्षमता विकसित करने की योजना को भी मंजूरी दी है। इसके लिए 5.47 हेक्टेयर जमीन पर निर्माण होगा।
निवेश प्रस्तावों में ग्रेटर नोएडा में एंपावर्ड कमेटी की संस्तुति पर एकागो हॉस्पिटेलिटी के 654 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) नीति के तहत चार कंपनियों को लेटर ऑफ कंफर्ट जारी करने पर सहमति बनी। इसमें हैवेल्स का नोएडा में 889 करोड़, अमेरियोराइड इंडिया का 112 करोड़, मेटलाइफ ग्लोबल का 84 करोड़ और एलजी सॉफ्ट का 634 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शामिल है।
इसके अलावा प्रयागराज में हाईकोर्ट अधिकारियों के लिए 845 आवास बनाने, ऑडिटोरियम और वर्किंग वुमन हॉस्टल के निर्माण प्रस्तावों को भी वित्तीय मंजूरी दी गई है।(साभार एजेंसी)
