स्वच्छता सर्वेक्षण में सागर ने रचा इतिहास,टॉप-3 स्वच्छ शहरों में शामिल

Madhya Prdesh

(भोपाल,म.प्र.)12 नवंबर 2026

भारत सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के दसवें संस्करण में मध्य प्रदेश के सागर शहर ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। 50 हजार से 3 लाख तक की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में सागर ने पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल किया है। पिछले साल 10वें पायदान पर रहा सागर शहर इस बार लंबी छलांग लगाते हुए सीधे टॉप-3 शहरों में शामिल हो गया है।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नगर निगम सागर को इस बड़ी उपलब्धि के लिए पुरस्कृत किया। राष्ट्रपति के हाथों यह पुरस्कार नगर निगम आयुक्त एवं सागर स्मार्ट सिटी के कार्यकारी निदेशक राजकुमार खत्री ने ग्रहण किया। सागर की इस सफलता पर संभागायुक्त दिलीप कुमार और कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने शहरवासियों और नगर निगम के पूरे परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

बुंदेली संस्कृति और जनभागीदारी बनी सफलता की वजह

सागर को यह राष्ट्रीय सम्मान स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए बेहतर प्रयासों, नागरिकों की सक्रिय भागीदारी, बुंदेली लोक संस्कृति के माध्यम से स्वच्छता अभियानों के प्रचार-प्रसार और शहर के सौंदर्यीकरण के लिए किए गए नए प्रयोगों के आधार पर प्राप्त हुआ है। जनसहभागिता और स्थानीय संस्कृति को स्वच्छता अभियान से जोड़ने की अनूठी पहल ने शहर को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाई है।

नगर निगम में आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न

पुरस्कार समारोह का सीधा प्रसारण देखने के लिए नगर निगम के नवीन कार्यालय परिसर में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी। जैसे ही नई दिल्ली में आयोजित समारोह में सागर नगर निगम का नाम तीसरे स्थान के लिए घोषित हुआ, पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इस दौरान वहां मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। नगर निगम परिसर में आतिशबाजी की गई। ढोल-नगाड़ों की थाप पर जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने जमकर नृत्य किया। इस तरह पूरे परिसर में जोश और उमंग के साथ सागर की इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया गया।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *