छठ महापर्व पर नालंदा में चाक-चौबंद व्यवस्था

Bihar

(नालंदा,बिहार) 14नवंबर,2026

छठ महापर्व को लेकर नालंदा में जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए पूरे जिले में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन ने 450 से अधिक चिह्नित स्थानों पर तीन शिफ्ट में मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी और सशस्त्र जवानों की तैनाती की है। इनमें से 40 स्थानों को अतिसंवेदनशील मानते हुए वहां अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

भीड़ प्रबंधन और कानून व्यवस्था के लिए जारी संयुक्त आदेश के तहत सभी प्रमुख छठ घाटों पर 16 नवंबर तक सुरक्षा बल मुस्तैद रहेंगे। एसडीआरएफ, स्थानीय गोताखोर और आपदा मित्रों की टीमें भी घाटों पर तैनात की गई हैं। आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए बिहारशरीफ नगर निगम के आईसीसी भवन में जिला कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां तीन पालियों में अधिकारी ड्यूटी करेंगे। हिलसा और राजगीर अनुमंडल में भी अलग कंट्रोल रूम सक्रिय किए गए हैं।

पानी में सुरक्षा के लिए पांच बड़े घाटों – औंगारी धाम सूर्य मंदिर, हिलसा सूर्य मंदिर तालाब, बड़गांव सूर्य मंदिर, रहुई का मोरा तालाब और कोसुक घाट पर चार-चार एसडीआरएफ जवानों के साथ एक-एक मोटरबोट तैनात रहेगी। प्रशासन ने बताया कि औंगारी धाम, कोसुक और मोरा तालाब में पानी अधिक है, इसलिए वहां विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

वहीं, बड़गांव सूर्य धाम में उमड़ने वाली भीड़ को लेकर ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया है। वाहनों की पार्किंग सांस्कृतिक गांव के पास खाली जमीन और महोत्सव स्थल पर होगी। बेगमपुर से बड़गांव जाने वाला रास्ता बंद रहेगा। आरबी स्कूल और ह्वेनसांग मेमोरियल मोड़ पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच के बाद ही आगे जाने दिया जाएगा।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *