सभी छात्रावासों का होगा समान शुल्क

Uttar Pradesh

(गोरखपुर)18अगस्त,2024.

एजेंसी से प्राप्त समाचार के अनुसार दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को बड़ी राहत प्रदान की है। विश्वविद्यालय ने सभी छात्रावासों के शुल्क को एक समान कर दिया है। अभी तक नए छात्रावासों में शुल्क पुराने की तुलना में 10 हजार रुपये अधिक था।

कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में वित्त समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें विदेशी विद्यार्थियों को आकर्षित करने और उन्हें कम दर पर उत्कृष्ट सुविधाएं प्रदान करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मैत्री छात्रावास का कुल शुल्क प्रति सत्र कम कर दिया गया है। इसके साथ ही सभी अन्य छात्रावासों का शुल्क एक समान करने की स्वीकृति प्रदान की गई। पहले नवनिर्मित आरपी शुक्ला छात्रावास, स्पोर्ट्स छात्रावास और न्यू अलखनंदा छात्रावास का शुल्क अन्य छात्रावास से अधिक था। अब सभी छात्रावासों का सिंगल सीटर रूम का प्रत्येक सत्र का शुल्क बिना मेस सुविधा के 9,400 रुपये होगा, जिसमें एक बार 1,500 रुपये कॉशन मनी देनी होगी। वहीं, छात्रावासों का डबल, ट्रिपल सीटर रूम का शुल्क बिना मेस सुविधा के 8,200 होगा, जिसमें एक बार 1,500 रुपये कॉशन मनी शामिल है। मेस शुल्क प्रति माह 3,025 रुपये रखा गया है। यह शुल्क आरपी शुक्ला छात्रावास, स्पोर्ट्स छात्रावास, न्यू अलखनंदा छात्रावास, स्वामी विवेकानंद, संत कबीर, गौतम बुद्ध, नाथ चंद्रावत, रानी लक्ष्मीबाई और अलखनंदा में लागू होगा।

अंतरराष्ट्रीय छात्रावास का शुल्क प्रति सत्र 43,500 रुपये और काॅशन मनी के रूप में एक बार में 5,000 रुपये का प्रावधान था। कुल शुल्क 48,500 रुपये था। वित्त समिति ने अब अंतरराष्ट्रीय छात्रावास में सिंगल रूम के लिए प्रति सत्र शुल्क कम करके 34,000 रुपये और काॅशन मनी के रूप में एक बार 5,000 रुपये का प्रावधान कर दिया है। अब कुल शुल्क 39,000 रुपये हो गया है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय छात्रावास में शेयरिंग रूम की भी व्यवस्था है, जिसका कुल शुल्क 33,000 रुपये है।

विद्यार्थी कर रहे थे विरोध:
नवनिर्मित छात्रावासों का शुल्क पुराने से अधिक होने को लेकर विद्यार्थी काफी दिनों से विरोध कर रहे थे। छात्रों के अलग-अलग गुटों ने कुलपति कार्यालय पर प्रदर्शन किया था। शुल्क कम होने से उनको काफी हद तक राहत मिलेगी।(साभार. उ.एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *