उ.प्र.में होगा “फेंगल चक्रवात” का असर,गिरेगा पारा,दिन में अचानक बढ़ी गर्मी की वैज्ञानिकों ने बताई वजह

UP / Uttarakhand

(लखनऊ UP)05दिसम्बर,2024.

पिछले दिनों दक्षिण भारत में उठे तूफान फेंगल के अवशेष और नए बने वेदर सिस्टम के केरल की ओर खिसकने का असर उत्तर प्रदेश में भी पड़ेगा। यूपी के अधिकांश इलाकों में पछुआ हवा जोर पकड़ेगी। इसके असर से प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी और ठंड बढ़ेगी।

प्रदेश के अधिकांश इलाकों में दिन के तापमान में मामूली बढ़त से धूप में गर्माहट महसूस की गई। मौसम विभाग की ओर से कोहरे का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक फेंगल तूफान के अवशेष के असर से यूपी में पछुआ जोर पकड़ेगी और तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आएगी।

वाराणसी में सर्वाधिक 29.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। वहीं प्रयागराज में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और उरई, फुरसतगंज व हमीरपुर तीनों में 29.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। न्यूनतम तापमान की बात करें तो चुर्क में 8.8 डिग्री, अयोध्या में 9 डिग्री और कानपुर में 10 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

दिन में गर्मी, रात में हो रही है सर्दी:
राजधानी लखनऊ में दिन के पारे में गिरावट की बजाए मामूली उछाल देखने को मिला। साफ आसमान और दिन में हो रही धूप में हल्की तपिश के असर से मौसम में गर्माहट महसूस की गई। हालांकि सुबह शाम की हवा में सिहरन बरकरार और रात का न्यूनतम तापमान स्थिर रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक फेंगल तूफान के अवशेष के असर से बृहस्पतिवार से यूपी समेत राजधानी में पछुआ हवाएं जोर पकड़ेंगी और तापमान में गिरावट आएगी। इसके बाद दिन की हवा में भी ठंड घुलेगी। मंगवार को दिन का अधिकतम तापमान 0.3 डिग्री की उछाल के साथ 29 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान स्थिर रहते हुए 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *