चांदी के गजरथ पर निकली भव्य शोभायात्रा,काशी में जैन धर्म के 8वें और 23वें तीर्थंकर को किया गया याद

Uttar Pradesh

(वाराणसी UP)27दिसम्बर,2024.

जैन धर्म के आठवें तीर्थंकर चंद्रप्रभु और 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ के जन्मोत्सव पर तीन किमी का पूरा क्षेत्र जय जिनेंद्र… के जयकारों से गुंजायमान होता रहा। ग्वाल दास साहू लेन से भेलूपुर तक चांदी के गजरथ में विराजमान भगवान पार्श्वनाथ की शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान 15 हजार लोग शामिल रहे।

डिप्टी डायरेक्टर पर्यटन आरके रावत ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। भेलूपुर जैन मंदिर पर राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल ने शोभायात्रा का स्वागत किया। अतिथियों को स्मृति चिह्न समाज के अध्यक्ष आरसी जैन ने दिया। संचालन व संयोजन राकेश जैन ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रधानमंत्री प्रदीप जैन और समाजमंत्री विनोद जैन ने दिया। शोभायात्रा में प्रमोद बागड़ा, राजेश भूषण जैन, पवन जैन, सौरभ जैन, संजय जैन, डॉ. केके जैन, विनय जैन, श्रुति जैन आदि शामिल रहे।

उधर, जैन मंदिरों में सुबह से ही जन्म कल्याण महोत्सव के अनुष्ठान आरंभ हो गए। विश्व शांति के लिए भगवान का 108 कलशों से जलाभिषेक हुआ। इसके बाद संपूर्ण विश्व शांति, कष्टों को दूर करने और विकास के लिए वृहद शांति धारा की गई।

भगवान चंद्रप्रभु की जन्मस्थली श्री चंद्रावती जी दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र में सुबह 6:30 बजे से आरंभ हुआ। शांतिधारा के बाद भगवान चंद्र प्रभु का पंचकल्याणक पूजन, देव शास्त्र, गुरु पूजन और 24 पूजन के साथ अन्य पूजा हुई।

शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ भव्य आरती उतारी गई। इस अवसर पर चंद्रावती जैन तीर्थ क्षेत्र के महाप्रबंधक सुरेंद्र कुमार जैन, विवेकानंद जैन, डॉ. आनंद जैन, दिलीप जैन, पंकज जैन, मक्खन जैन, मोना जैन के अलावा संपूर्ण जैन समाज ने आयोजन में हिस्सा लिया(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *