(वाराणसी)19जनवरी,2025.
वाराणसी के लहरतारा चौराहे के पास से मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने एक व्यक्ति को दो बैग में 430 कछुआ के साथ गिरफ्तार किया। बरामद कछुओं को आरोपी रांची ले जा रहा था। आरोपी की पहचान लखनऊ के बख्तियार नगर निवासी रबिंद्र कुमार उर्फ रवन के रूप में हुई है।
मंडुवाडीह थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि रबिंद्र कछुआ लेकर रांची की बस में सवार होने जा रहा है। इस सूचना पर फोर्स के साथ घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने गांव के आसपास के तालाब और पोखरी से कछुआ पकड़कर अपने घर में रखता है। जब कछुआ ठीक-ठाक संख्या में हो जाते हैं तो उन्हें रांची ले जाकर बेच देता है। कछुआ बेचने के काम में उसे तगड़ा पैसा मिल जाता है। उसने कहा कि वह लखनऊ के आलमबाग बस अड्डा से वाराणसी आया था। यहां से वह रांची जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था कि पुलिस ने उसे पकड़ लिया।(साभार एजेंसी)