30 की रफ्तार से पूरे प्रदेश में चलेंगी हवाएं,होली के दिन इन जिलों में हो सकती है बारिश

Uttar Pradesh

(लखनऊ UP)12मार्च,2025.

मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। ऐसे में बुधवार से 15 मार्च तक प्रदेश में 25 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चलेगी, जो कुछ राहत देगी। प्रदेश के मौसम में बीते दो दिनों में तेजी से बदलाव आया है।

दोपहर में हो रही धूप की तपिश लोगों को असहज करने लगी है। झांसी में मंगलवार को इस साल का सर्वाधिक 38.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं हमीरपुर, आगरा, प्रयागराज, वाराणसी और कानपुर में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से 14 और 15 मार्च को प्रदेश के तराई और उत्तरी पश्चिमी इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। 15 मार्च को प्रदेश के पूर्वी-तराई इलाकों समेत राजधानी से सटे कानपुर में भी बादलों संग बूंदाबांदी के संकेत हैं।

चार वर्ष बाद पारा 32 डिग्री के पार
फाल्गुन माह अभी आधा बाकी है और अभी से धूप चैत्र माह की याद दिला रही है। राजधानी में चार वर्ष बाद 11 मार्च को पारा 32 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा है। इसके पहले 2021 में 11 मार्च को अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हो चुका है। मौसम विभाग की माने तो मार्च के अंत तक गर्म हवाओं से लू का अहसास भी होने लगेगा।

होली तक राजधानी में तापमान के 35 डिग्री सेल्सियस के पार चले जाने के आसार हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि बुधवार से पछुआ हवा की रफ्तार 30 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है। अगले तीन से चार दिनों तक तापमान का धीरे-धीरे बढ़ना जारी रहेगा।

पिछले पांच वर्षों में 11 मार्च का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
साल अधिकतम न्यूनतम
2021 35.1 19.1
2022 31.3 17.1
2023 31.2 17.7
2024 28.3 13
2025 32.3 16

राजधानी की हवा का हाल

मंगलवार को लखनऊ के छह वायु गुणवत्ता मापक स्टेशनों में से कुकरैल, गोमतीनगर और बीबीएयू की हवा पीली यानी मध्यम श्रेणी में देखने को मिली। वहीं अलीगंज, लालबाग और तालकटोरा की हवा नारंगी यानी स्वास्थ्य के लिए खराब श्रेणी में दर्ज की गई।

कुकरैल – 111 – पीला- मध्यम
गोमतीनगर- 196 – पीला- मध्यम
बीबीएयू- 160 – पीला- मध्यम
अलीगंज- 264 – नारंगी- खराब
लालबाग- 208 – नारंगी- खराब
तालकटोरा – 207 – नारंगी- खराब (साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *