कांवड़ यात्रा मार्ग पर लगाएं अधिक से अधिक सीसीटीवी,ड्रोन से करें निगरानी

Uttar Pradesh

(मेरठ, UP )18जून,2025.

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने पुलिस लाइन के सभागार में जिले के सभी सीओ और थाना प्रभारियों की बैठक लेकर कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। डीआईजी ने कहा कि कांवड़ मार्ग पर अधिक से अधिक सीसीटीवी लगाए जाएं। कांवड़ ड्यूटी के दौरान ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को रेन कोट उपलब्ध कराएं। सोशल मीडिया को एक्टिव रखें और झूठी खबरों का खंडन करें। कांवड़ मार्गों पर लगे सीसीटीवी की निगरानी कुशल कर्मियों से कराएं और ड्रोन कैमरों से भी निगरानी कराएं।

डीआईजी ने कहा कि सभी सीओ, थाना प्रभारी समेत सभी कर्मचारी अपने कांवड़ यात्रा मार्ग पर भ्रमण कर जहां को कमी है उसे सूची बनाकर कांवड़ सेल को दे दें। थाना प्रभारी कांवड़ यात्रा की तैयारी अभी से कर लें। रूट की जानकारी कर यह भी देख लें कि वह कौन से जोन और सेक्टर में है। कांवड़ यात्रा में जो रजिस्टर बनाया जा रहा है, उसे थाने का स्थायी रजिस्टर बनाएं। ताकि वह भविष्य में काम आ सकें।

मोटरसाइकिल स्क्वॉयड रखें तथा रेस्पॉन्स टाइम का विशेष ध्यान रखें। कांवड़ यात्रा मार्गो पर मांस, मदिरा की दुकानों को कांवड़ यात्रा शुरू होते ही बंद करा दें। बड़े डीजे निर्धारित मानक के अनुसार होने चाहिए और उनके साथ पुलिसकर्मियो की डयूटी लगाए। जिन मंदिरों में पार्किंग है वहां पर भी पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाएं। समीक्षा बैठक में एसएसपी डॉ. विपिन ताडा, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा, एएसपी अंतरिक्ष जैन, एसपी यातायात राघवेंद्र कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे।

सैनिक सम्मेलन में सुनीं समस्याएं:
डीआईजी ने इस प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। इसके बाद सैनिक सम्मेलन में कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं। अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। कहा कि माह में एक बार सभी थानों पर श्रमदान भी कराए। पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य पर भी ध्यान दें, यदि कोई बीमार है तो उसको अवकाश दें। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने वेतन विसंगति, सरकारी आवास, स्थानांतरण संबंधी आदि समस्याएं रखीं।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *