18 जिलों में बारिश,तेज हवाओं का अलर्ट जारी

Punjab

(चंडीगढ़,पंजाब)20जून,2026.

पंजाब और चंडीगढ़ में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 21 जून को और मजबूत होगा। इसके प्रभाव से राज्य के 18 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली के लिए अलर्ट जारी किया है।

इससे पहले शुक्रवार और शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से केवल सात जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। वीरवार को राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा, जिससे अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बठिंडा 42.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा।

अमृतसर का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री, लुधियाना 37.2, पटियाला 40.0, पठानकोट 39.5, फिरोजपुर 38.7, फाजिल्का 38.4 और रूपनगर 39.0 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में भी 1.1 डिग्री की वृद्धि हुई। सबसे कम न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस पठानकोट में दर्ज किया गया।
एक सप्ताह में सामान्य से 28 फीसदी अधिक बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 12 जून से 18 जून तक पंजाब में 16.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 12.9 मिमी रहती है। इस तरह राज्य में 28 फीसदी अधिक बारिश हुई है।
एक जून से 18 जून तक पंजाब में 20.9 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य वर्षा 24.3 मिमी रहती है। इस अवधि में राज्य में सामान्य से 14 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।

चंडीगढ़ में 21 जून से बारिश की संभावना
भीषण गर्मी से जूझ रहे शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग चंडीगढ़ के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 21 जून से बारिश और बादलों की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार वीरवार को शहर का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिनभर तेज गर्मी का असर बना रहा। शाम के समय बादलों की आवाजाही जरूर हुई, लेकिन बारिश नहीं हुई।

इसके बाद 22 और 23 जून को भी मौसम: अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा। अधिकतम तापमान घटकर 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को उसम भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक दर्ज की गई है। इसी मौसमी गतिविधि का असर अब चंडीगढ़ के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *