पटना में बिगड़ी आबोहवा,राजवंशी नगर-मुरादपुर में हवा खराब श्रेणी में,16 जिलों में निगरानी तेज

Bihar

(पटना,बिहार)08 नवंबर 2026

राजधानी पटना में दीपावली के दिन सुबह से ही वायु प्रदूषण का स्तर चिंता बढ़ाने लगा है। जबकि पटाखे और आतिशबाजी अभी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई है, उसके पहले ही शहर की हवा खराब होने लगी है। लगातार बदल रही हवा की गुणवत्ता के बीच शहर के दो प्रमुख मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 200 का आंकड़ा पार कर गया है। बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के समीर एप पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक रविवार सुबह 10 बजे राजवंशी नगर में AQI 224 और मुरादपुर में 221 रिकॉर्ड किया गया। दानापुर, तारामंडल समेत अन्य निगरानी केंद्रों पर भी प्रदूषण का स्तर अलग-अलग श्रेणी में दर्ज हो रहा है। कुल छह सक्रिय केंद्रों में से दो जगहों पर हवा खराब श्रेणी में पहुंच गई है।

एक नवंबर को 59 था AQI, अब पहुंचा 224 पर

नवंबर के पहले सप्ताह में पटना की हवा काफी साफ थी। एक नवंबर को AQI 59 और दो नवंबर को 77 था। उसके बाद इसमें उतार-चढ़ाव के साथ बढ़ोतरी हुई। तीन नवंबर को 109, चार को 107, पांच को 147, छह को 126, सात को 150 और आठ नवंबर को 224 दर्ज किया गया। आठ दिन में ही औसत AQI में भारी बदलाव देखने को मिला। रविवार सुबह राजवंशी नगर में 224, मुरादपुर में 221 और दानापुर डीआरएम कार्यालय में 19 AQI रहा।

पिछले साल आतिशबाजी के बाद 256 तक पहुंच गया था AQI

पिछले साल भी दीपावली के बाद पटना की हवा तेजी से खराब हुई थी। 20 अक्टूबर 2025 को AQI 159 था जो अगले दिन 210 हो गया था, यानी 24 घंटे में 32 प्रतिशत की बढ़ोतरी। 21 अक्टूबर को शिकारपुर में 256, समनपुरा में 236, दानापुर में 229 और मुरादपुर में 227 AQI था। नवंबर के पहले दस दिनों में आठ दिन हवा खराब श्रेणी में रही थी।

चार अस्थायी केंद्रों पर हो रही है 24 घंटे निगरानी

पिछले अनुभव से सबक लेते हुए पर्षद ने इस बार विशेष तैयारी की है। पटना में चार अस्थायी निगरानी केंद्र बनाए गए हैं – बोरिंग रोड चौराहा पर कृष्णा एजेंसी के पास, शास्त्रीनगर में बेल्ट्रॉन भवन, औद्योगिक क्षेत्र में पर्यावरण भवन और कंकड़बाग में भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण कार्यालय में। यहां PM 2.5, PM 10, SO2 और NOx की माप हो रही है। एक से 15 नवंबर तक 24 घंटे वायु गुणवत्ता और शाम छह से रात 12 बजे तक ध्वनि प्रदूषण की निगरानी की जा रही है।

पटना समेत 16 शहरों में विशेष अभियान

पांच से 15 नवंबर तक पटना समेत 16 शहरों – मुजफ्फरपुर, गया, हाजीपुर, बिहारशरीफ, आरा, बक्सर, बेगूसराय, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, मुंगेर, दरभंगा में निगरानी चल रही है। छह नवंबर को चार अस्थायी केंद्रों पर 52 तकनीकी कर्मियों को लगाया गया था। स्थायी केंद्रों – खगौल डीआरएम कार्यालय, पटना सिटी, एसके मेमोरियल हॉल, तारामंडल, इको पार्क, समनपुरा से भी डेटा लिया जा रहा है।

सिर्फ पटाखे नहीं, कई वजहें हैं प्रदूषण की

विशेषज्ञों के मुताबिक केवल पटाखे ही नहीं, वाहनों का धुआं, निर्माण की धूल, सड़कों की मिट्टी और कचरा जलाना भी प्रदूषण बढ़ाता है। सर्दियों में हवा की रफ्तार कम होने से प्रदूषक ज्यादा देर तक हवा में टिके रहते हैं। नियंत्रण के लिए सड़कों की मशीन से सफाई, पानी छिड़काव और निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण जरूरी है।

बच्चों-बुजुर्गों को बरतनी होगी सावधानी

AQI खराब होने पर बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को ज्यादा परेशानी हो सकती है। ऐसे में खुले में ज्यादा देर न रहें और सुबह-शाम की सैर से बचें।(साभार एजेंसी/सोशल मीडिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *