दिवाली के बाद बढ़ेगी ठंड,दस डिग्री तक पहुंच सकता है पारा

Madhya Prdesh

(भोपाल,म.प्र.)08नवंबर,2026

मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे सर्द होने लगा है। दिन में धूप के कारण गर्मी का एहसास हो रहा है, लेकिन रात का तापमान लगातार गिर रहा है। दिवाली के बाद ठंड और जोर पकड़ेगी। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की और गिरावट हो सकती है। इससे प्रदेश के कई शहरों में रात का पारा 10 से 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। फिलहाल प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। अगले चार दिनों तक कहीं भी आंधी या बारिश की संभावना नहीं है। इससे दिवाली और उससे जुड़े त्योहारों पर मौसम साफ रहेगा।

इंदौर में सबसे सर्द रात,भोपाल में भी गिरा पारा:
प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट का असर दिखाई देने लगा है। बीती रात इंदौर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह प्रदेश में सबसे कम रहा। शहडोल के कल्याणपुर और दमोह में पारा 12.2 डिग्री, शाजापुर के गिरवर में 12.6 डिग्री और उमरिया में 12.7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। भोपाल और पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरी ओर, दिन के तापमान में अभी ज्यादा गिरावट नहीं आई है। छिंदवाड़ा में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। हालांकि अमरकंटक, पचमढ़ी, मलाजखंड, बैतूल, शिवपुरी और करौंदी में अधिकतम तापमान 30 डिग्री या इससे नीचे रहा।

15 नवंबर के बाद बढ़ेगा सर्दी का असर:
मौसम के पिछले दस वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो नवंबर के दूसरे पखवाड़े से ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगता है। इस बार भी मौसम का रुख इसी ओर संकेत कर रहा है। नवंबर के दूसरे सप्ताह से रातें और सर्द होने लगेंगी। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं के सीधे पहुंचने से तापमान में ज्यादा गिरावट देखने को मिल सकती है। ग्वालियर में नवंबर महीने में न्यूनतम तापमान का रिकॉर्ड करीब 57 साल पहले तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।

नवंबर के आखिरी दिनों में बारिश की भी संभावना:
प्रदेश में नवंबर का महीना पूरी तरह बारिश से मुक्त नहीं रहेगा। भोपाल, इंदौर और जबलपुर में इस महीने बारिश होने का पुराना ट्रेंड रहा है। इस बार भी महीने की शुरुआत में बारिश का अलर्ट जारी हुआ था। मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में कोई मौसम प्रणाली सक्रिय होती है तो कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। फिलहाल अगले चार दिनों तक प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है। दिवाली तक आसमान साफ रहने के आसार हैं। इसके बाद तापमान में गिरावट के साथ सर्दी का असर बढ़ने लगेगा।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *