(वाराणसी UP)09दिसम्बर,2024.
यदि आप लंका, भेलूपुर और कैंट इलाके में रह रहे हैं तो साइबर जालसाजों से जरा संभल जाइए। साइबर जालसाजों के निशाने पर इन तीन क्षेत्र के लोग सबसे अधिक हैं। ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग तो कभी ओटीपी, लिंक और डिजिटल अरेस्ट मामलों में कमिश्नरेट के लंका, भेलूपुर और कैंट के इन तीन थाने साइबर फ्रॉड के हॉटस्पॉट बने हैं
सबसे अधिक यहां हुईं घटनाएं:
इन क्षेत्रों में सबसे अधिक साइबर फ्रॉड की घटनाएं हो रही हैं। अब तक साइबर क्राइम थाने में दर्ज 117 लोगों के 23 करोड़ रुपये साइबर जालसाजों ने 320 दिन के अंदर धोखे से हड़पे हैं। इसमें साढ़े तीन करोड़ रुपये ही रिकवर हो पाए हैं। साइबर जालसाजों से 50 लाख की संपत्ति जैसे कार, मोबाइल, लैपटॉप अन्य जब्त किए जा चुके हैं।
साइबर क्राइम थाने में पांच लाख तक या उससे अधिक साइबर धोखाधड़ी होने पर मुकदमा दर्ज किया जाता है। एक जनवरी से 15 नवंबर तक थाने में 117 मुकदमे दर्ज हुए हैं। इसमें सर्वाधिक 21 केस लंका थाने क्षेत्र से आए हैं। इसके बाद 19 केस भेलूपुर और 12 केस कैंट, मंडुवाडीह क्षेत्र भी 10 केस हैं। इसके बाद शिवपुर-सात, सिगरा-पांच, रोहनिया में पांच केस आए हैं।
पहली बार यह देखा गया कि ग्रामीण इलाकों के भी क्षेत्र जैसे रोहनिया और बड़ागांव भी साइबर जालसाजों के निशाने पर हैं। हर माह दो से तीन केस इन क्षेत्रों से आ रहे हैं। 63 साइबर जालसाजों की गिरफ्तारी, जब्त हुई 50 लाख की संपत्ति जनवरी से नवंबर तक साइबर क्राइम थाने की टीम ने 63 साइबर जालसाजों की गिरफ्तारी की है। लगभग 50 लाख की संपत्ति जैसे चार पहिया वाहन, बाइक, मोबाइल, लैपटॉप आदि जब्त कर चुकी है। साढ़े तीन करोड़ रुपये पीड़ितों का फ्रीज करते हुए रिकवर कराया जा चुका है(साभार एजेंसी)