पूरे उ.प्र.में भारी बारिश का अलर्ट,चक्रवात की वजह से संभव हैं तेज हवाएं

Uttar Pradesh

(लखनऊ, UP)29जून,2025.

दक्षिणी उत्तर प्रदेश में हो रही बारिश अब तेजी के साथ उत्तरी क्षेत्र की ओर बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार और सोमवार को पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। तापमान में भी राहत मिलेगी। शनिवार को भी कई क्षेत्रों में बारिश हुई। कई जगह तेज हवा के बीच कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज फुहारें पड़ीं।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण उत्तर प्रदेश के मध्य भागों पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है और यह समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है। आंचलिक मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून की सक्रियता बढ़ने से प्रदेश में झमाझम बारिश के आसार हैं। रविवार और सोमवार को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लगभग सभी स्थानों पर वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ बारिश की संभावना है। इसके अलावा एक से चार जुलाई तक प्रदेश के अनेक स्थानों पर वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।

24 घंटों में पूरे प्रदेश में सक्रिय होगा मानसून:
अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में मानसून की सक्रियता में बढ़ोतरी होने से पिछले 24 घंटों के दौरान सोनभद्र व सहारनपुर में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई। आगामी 24 घंटों में इसके पूरे प्रदेश में सक्रिय हो जाने से प्रदेश भर में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ आगामी 2-3 दिनों के दौरान प्रदेश के उत्तरी एवं संलग्न मध्यवर्ती भागों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होगी। 30 जून को तराई इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके बाद मौसमी द्रोणी के पुनः दक्षिणी दिशा में खिसकने से एक जुलाई से भारी से बहुत भारी वर्षा की बेल्ट प्रदेश के दक्षिणी भाग की ओर खिसकने की संभावना है। इसी क्रम में आगामी 24-48 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश के शेष हिस्सों को आच्छादित कर लेने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

शनिवार को सबसे अधिक तापमान मुजफ्फरनगर का रहा। यहां अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री दर्ज किया गया। मुरादाबाद का अधिकतम तापमान 39.5 रहा। वहीं प्रयागराज में अधिकतम तापमान 30 डिग्री रहा जो सामान्य से 6.3 डिग्री कम रहा। नसीबाबाद में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 7.3 डिग्री कम रहा।

यहां पर भारी वर्षा की संभावना:
सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संतरविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, सीतापुर, बाराबंकी, अंबेडकरनगर, शामली, बागपत, मेरठ, संभल और बदायूं समेत आसपास के इलाके(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *