(वाराणसी,UP)22अगस्त,2025.
उत्तर प्रदेश के वाराणसी से शुरू होने वाली गंगोत्री रेसिडेंसियल क्रूज सेवा कई मायनों में खास होने वाली है। इसमें यात्रियों की सुविधाओं का विशेष ख्याल रखा जाएगा। पर्यटकों के लिए फाइव स्टार गंगोत्री रेसिडेंशियल क्रूज सेवा की शुरुआत की जाएगी। सितंबर माह से इसकी शुरुआत की जाएगी। वाराणसी के रविदास घाट से इस लग्जरी क्रूज सेवा का उद्घाटन पीएम नरेंद्र मोदी या सीएम योगी आदित्यनाथ कर सकते हैं। इसके लिए समय मांगा गया है।
गंगोत्री क्रूज के निदेशक जयंत मालवीय का कहना है कि लग्जरी क्रूज सितंबर से वाराणसी के रविदास घाट से चुनार, मारकंडे महादेव, आदिकेशव सहित प्रयागराज तक की यात्रा कराएगा। पर्यटन और आध्यात्मिक अनुभव को नया आयाम देने के लिए वाराणसी में सितंबर से क्रूज की शुरुआत होने जा रही है। रविदास घाट से चलने वाला यह क्रूज चुनार, मारकंडे महादेव, आदिकेशव होते हुए प्रयागराज तक जलयात्रा कराएगा।
आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस:
क्रूज के निदेशक जयंत मालवीय ने बताया कि गंगोत्री में पांच सितारा होटल जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। इसमें 24 एसी कमरे, जिम, स्पा, रेस्टोरेंट और सन डेक शामिल हैं। इसमें करीब 200 यात्री एक साथ यात्रा कर सकेंगे। बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए इस चार मंजिला क्रूज में लिफ्ट भी लगाई गई है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के उपकरण और प्रशिक्षित टीम मौजूद रहेगी।
यात्रियों को परोसे जाएंगे स्थानीय व्यंजन:
यात्रा के दौरान यात्री बनारसी संस्कृति, घाट दर्शन, योग, भजन और स्थानीय व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। हर सुबह योग और शाम को स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। यात्रियों को कचौड़ी-जलेबी सहित पारंपरिक बनारसी व्यंजन परोसे जाएंगे। क्रूज पर मांसाहार और शराब पर प्रतिबंध रहेगा।
छह लाख पर्यटकों ने की यात्रा:
जयंत मालवीय ने बताया कि उन्होंने 2018 में काशी में अलकनंदा क्रूज से इस क्षेत्र में क्रूज पर्यटन की शुरुआत की थी। अब तक छह लाख से अधिक पर्यटकों को सेवा दी जा चुकी है। गंगोत्री, काशी में उनका पांचवां क्रूज होगा। क्रूज के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय और मुख्यमंत्री कार्यालय से बातचीत चल रही है।(साभार एजेंसी)
