कोहरे की चादर से ढंका उ.प्र.

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)30दिसंबर,2025.

उत्तर प्रदेश में ठंड का कहर जारी है। सोमवार को भी प्रदेश के कई जिलों में सुबह कोहरे का असर रहा। कानपुर में सुबह दृश्यता शून्य दर्ज की गई तो वहीं कई अन्य जिलों में भी 100 मीटर से कम दृश्यता रही। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिन के तापमान में सामान्य से 4-5 डिग्री की गिरावट के आसार हैं। कई जिलों में घने कोहरे के साथ शीत दिवस की चेतावनी भी जारी की गई है।

कई जगह घना कोहरा रहा:
पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में सोमवार को कई जगह घना से अधिक घना कोहरा रहा और लोग ठंड से कांपते नजर आए। ऐसा ही मौसम मंगलवार को भी रहने के आसार हैं और संभाग में कई जगह शीत दिवस की चेतावनी भी जारी की गई है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के अनुसार, सोमवार सुबह कानपुर में शून्य दृश्यता के साथ ही आगरा में दृश्यता 30 मीटर, अलीगढ़ और मेरठ में 40 मीटर, हरदोई में 60 मीटर, फतेहपुर में 70 मीटर और बिजनौर व नजीबाबाद में 80 मीटर दृश्यता दर्ज की गई।

मंगलवार को कई अन्य जिलों में तापमान में सामान्य से 4-5 डिग्री की गिरावट के साथ घने कोहरे के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान बाराबंकी और फतेहपुर में 8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं बुलंदशहर और हरदोई में 8.5 डिग्री और मेरठ में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री रहा।

यहां शीत दिवस की है चेतावनी:
प्रयागराज, वाराणसी, भदोही, बहराइच, सीतापुर, हरदोई, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अयोध्या।

इन जिलों में है घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट:
कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *