पहाड़ों पर हिमपात के साथ नए साल का आगाज

Himanchal

(शिमला,हि.प्र.)01 जनवरी,2026.

हिमाचल प्रदेश में पहाड़ों पर हिमपात के साथ नए साल का आगाज हुआ है। बुधवार को नव वर्ष की पूर्व संध्या पर लाहौल के कोकसर, अटल टनल और मणिमहेश सहित ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। बर्फबारी के कारण रोहतांग के लिए वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। गुलाबा से आगे वाहन ले जाने पर पुलिस ने प्रतिबंध लगा दिया है। उधर, मौसम विभाग ने वीरवार और शुक्रवार (एक और 2 जनवरी) को भी पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। 3 और 4 जनवरी को मौसम साफ रहेगा, जबकि 5 एवं 6 को फिर मौसम में बदलाव के आसार हैं।

लाहौल-स्पीति और कुल्लू के अलावा बुधवार को चंबा और किन्नौर के पर्वतीय क्षेत्रों में भी हिमपात हुआ है। सुबह ऊंची चोटियों पर रुक-रुक कर फाहे गिरे, लेकिन दोपहर होते-होते कोकसर और अटल टनल के दोनों छोर में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। इसी बीच, नया साल मनाने पहुंचे पर्यटकों ने भी यहां हिमपात का आनंद लिया। रोहतांग दर्रा पर 12 सेंटीमीटर, शिंकुला में 15, कुंजुम दर्रा में 15, जांस्कर- समदो में 10, बारालाचा में 20 और कोकसर में 5 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। लाहौल घाटी और अटल टनल रोहतांग में बर्फ के फाहे गिरने से पर्यटक रोमांचित हो गए। पर्यटकों ने बर्फबारी का जमकर लुत्फ लिया।

जिला चंबा के पांगी की हुडान भटोरी, सुराल भटोरी और अन्य चोटियों व भरमौर की ऊपरी चोटियों कुगति, काली छौ समेत मणिमहेश में हल्का हिमपात हुआ है। मनाली की ऊंची चोटियों सेवन सिस्टर पीक, मनाली पीक, घेपन पीक, हनुमान टिब्बा, देऊ टिब्बा, मांगनकोट और इंद्रासन में भी बर्फबारी हुई। उधर, शिमला सहित अधिकांश जिलों में बादल छाए रहे। प्रदेश के पांच जिले बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, ऊना और सिरमौर कोहरे की चपेट में हैं। इसके चलते पूरे प्रदेश में शीत लहर तेज हो गई है।

कोहरे के चलते वंदे भारत समेत तीन ट्रेनें देरी से पहुंचीं ऊना
कोहरे के चलते बुधवार को हिमाचल एक्सप्रेस तीन घंटे और वंदे भारत एक्सप्रेस और साबरमती एक्सप्रेस ट्रेनें एक-एक घंटा देरी से ऊना रेलवे स्टेशन पर पहुंची हैं। यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। इसके साथ ही पैसेंजर ट्रेन भी नंगल से आगे ऊना तक नहीं पहुंच पाई है(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *