उ.प्र.पुलिस भर्ती में आयु सीमा में छूट

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)5जनवरी,2026.

उत्तर प्रदेश पुलिस में 32679 सिपाही और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट मिलेगी। इस फैसले से अधिकतम आयु सीमा के दायरे से बाहर होने की वजह से आवेदन नहीं कर पा रहे अभ्यर्थियों को इस बार आवेदन का अवसर मिलेगा।

31 जनवरी से शुरू हुई भर्ती के लिए लगातार आयु सीमा बढ़ाने की मांग की जा रही थी। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अधिकतम आयु सीमा में छूट का फैसला एक बार के लिए किया गया है।

इस संबंध में गृह विभाग की ओर से जारी शासनादेश के मुताबिक आरक्षी नागरिक पुलिस(पुरुष/महिला), आरक्षी पीएसी/सशस्त्र पुलिस (पुरुष),आरक्षी विशेष सुरक्षा बल (पुरुष), महिला बटालियन के लिए महिला आरक्षी,आरक्षी घुड़सवार पुलिस (पुरुष) और जेल वार्डर (पुरुष एवं महिला) पदों के लिए सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को आयु शिथिलीकरण का अवसर एक बार के लिए दिया गया है।यह निर्णय उप्र लोक सेवा (भर्ती के लिए आयु सीमा का शिथिलीकरण) नियमावली-1992 के नियम-3 के तहत लिया गया है।

सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के 25 वर्ष से कम आयु वाले अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन:
इस फैसले के बाद सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के ऐसे अभ्यर्थी, जिनकी आयु 25 वर्ष से कम है, आवेदन कर सकेंगे। महिलाओं को भी अधिकतम आयु में तीन वर्ष की छूट मिलेगी। अन्य पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के 30 वर्ष से कम आयु वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।

पहले भर्ती बोर्ड द्वारा जारी विज्ञप्ति में सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के पुरुषों की अधिकतम आयु 22 वर्ष और महिला अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु 25 वर्ष थी। अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट दी गई थी। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थी आयु सीमा में छूट देने की लगातार मांग कर रहे थे। भाजपा विधायक शलभमणि त्रिपाठी समेत कई विधायकों और सांसद चंद्रशेखर ने इस बाबत मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर छूट देने का अनुरोध किया था।

40 लाख आवेदन की उम्मीद:
प्रदेश सरकार के इस फैसले के बाद सिपाही और समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए 10 लाख आवेदन अधिक आने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले करीब 30 लाख आवेदन आने की उम्मीद थी। यह आंकड़ा अब बढ़कर 40 लाख से अधिक हो सकता है। दो वर्ष पूर्व सिपाही के 60,244 पदों पर सीधी भर्ती के लिए 48 लाख आवेदन आए थे। तब राज्य सरकार ने कोरोना महामारी की वजह से अभ्यर्थियों को तीन वर्ष की छूट देने का फैसला भी लिया था।

इन पदों पर होगी भर्ती
सिपाही नागरिक पुलिस – 10469
सिपाही पीएसी/सशस्त्र पुलिस – 15131
सिपाही विशेष सुरक्षा बल – 1341
सिपाही घुड़सवार पुलिस – 71
जेल वार्डर (पुरुष) – 3279
जेल वार्डर (महिला) – 106(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *