(चंडीगढ़,पंजाब)21जून,2026.
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ के तिरंगा पार्क में रविवार सुबह बड़ी संख्या में लोग योग करने पहुंचे। कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने शिरकत की। इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि देश का सौभाग्य है कि आज गांव, शहर और बस्तियों तक योग दिवस उत्साह और धूमधाम से मनाया जा रहा है।
राज्यपाल ने कहा कि योग व्यक्ति की सबसे बड़ी दौलत है। यह न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से योग अपनाने और इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा योग और भारत का संबंध प्राचीन काल से रहा है। हमारे ऋषि-मुनियों ने तपस्या और साधना के माध्यम से योग को जीवन का हिस्सा बनाया, जिससे मन और बुद्धि स्वस्थ एवं संतुलित रह सके।
कार्यक्रम के दौरान पार्क में बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का योग दिवस पर संबोधन भी लाइव प्रसारित किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना। योग सत्र में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने भाग लिया और प्रशिक्षकों के निर्देशन में योगासन एवं प्राणायाम किया।
योग दिवस के इस आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। पूरे परिसर में उत्साह और स्वास्थ्य जागरूकता का माहौल बना रहा।(साभार एजेंसी)
