(रांची,झारखण्ड)10 नवंबर 2026
झारखंड में माध्यमिक आचार्य नियुक्ति परीक्षा में सफल हुए 102 अभ्यर्थियों की स्नातकोत्तर और बीएड की डिग्री संदेह के घेरे में आ गई है। राज्य के दो निजी विश्वविद्यालयों से जारी इन डिग्रियों को विभागीय स्तर पर की गई प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाया गया है। इस खुलासे के बाद उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने तय किया है कि विस्तृत जांच पूरी होने तक इन अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया पर रोक जारी रहेगी। यह कदम स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से प्रारंभिक जांच के बाद भेजे गए पत्र के आधार पर उठाया गया है, जिस पर संज्ञान लेकर विस्तृत जांच की रूपरेखा तैयार की गई है।
मामले की जांच के लिए सात सदस्यीय समिति का गठन
पूरे मामले की गहन पड़ताल के लिए सात सदस्यीय जांच समिति बनाई गई है। विभाग की अपर सचिव अंजलि यादव, आईएएस को इस समिति का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि उप निदेशक अजय राज खलखो को समिति के सदस्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इस समिति में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के प्रतिनिधि, विधि विभाग के प्रधान सचिव-सह-विधि परामर्शी और रांची विश्वविद्यालय के कुलसचिव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल किए गए हैं।
15 दिन में जांच रिपोर्ट देने का निर्देश, दस्तावेजों का होगा सत्यापन
समिति को 15 दिनों के भीतर अपनी जांच पूरी कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। जांच के तहत समिति के सदस्य संबंधित दोनों निजी विश्वविद्यालयों का दौरा कर अभ्यर्थियों के मूल शैक्षणिक दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन करेंगे। इस दौरान अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र, फीस रसीद, हाजिरी पंजी, सेमेस्टरवार अंकपत्र और प्रायोगिक परीक्षा की कॉपियों सहित सभी जरूरी अभिलेखों का बारीकी से मिलान किया जाएगा।
अंकों का एक जैसा पैटर्न और एजुकेशन गैप बना संदेह का कारण
डिग्रियों की विस्तृत जांच का फैसला कई महत्वपूर्ण तथ्यों और अंकों के एक जैसे पैटर्न के सामने आने के बाद लिया गया है। दोनों निजी विश्वविद्यालयों से स्नातकोत्तर की उपाधि लेने वाले 93 सफल अभ्यर्थियों के अंक 65 से 70 प्रतिशत के बीच दर्ज हैं। विषयवार आंकड़ों पर गौर करें तो खोरठा विषय में सफल कुल नौ अभ्यर्थियों में से छह अभ्यर्थी एक ही विश्वविद्यालय के हैं और इन सभी के अंक 67 से 68 प्रतिशत के बीच हैं।
इसी तरह राजनीति शास्त्र विषय में पीजी करने वाले 14 सफल अभ्यर्थियों में से नौ अभ्यर्थियों ने 67 से 68 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। गृह विज्ञान विषय में भी ऐसा ही रुझान देखने को मिला है, जहां 13 सफल अभ्यर्थियों में से सात अभ्यर्थियों के प्राप्तांक 66 से 67 प्रतिशत के बीच हैं।
पढ़ाई के अंतराल को लेकर भी उठे सवाल
शैक्षणिक योग्यता की जांच में पढ़ाई के अंतराल से जुड़े कई तथ्य भी सामने आए हैं। 11 अभ्यर्थियों ने स्नातक पूरा करने के 10 वर्ष या उससे अधिक समय बाद स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की है। इसके अलावा 20 से अधिक अभ्यर्थियों के स्नातक और स्नातकोत्तर के बीच आठ से नौ वर्ष का लंबा अंतर देखा गया है। आंकड़ों से यह भी स्पष्ट हुआ है कि 24 अभ्यर्थियों ने नियुक्ति वर्ष 2025 में ही अपनी स्नातकोत्तर परीक्षा उत्तीर्ण की है। वहीं 25 अभ्यर्थियों ने नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने से महज एक वर्ष पहले स्नातकोत्तर की डिग्री ली थी और 17 अभ्यर्थियों ने भर्ती वाले वर्ष में ही निजी विश्वविद्यालय से अपनी बीएड की पढ़ाई पूरी की है।
1373 पदों पर हुई थी भर्ती, 877 की हुई अनुशंसा
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से राज्य में माध्यमिक आचार्य के कुल 1,373 पदों पर सीधी भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा संपन्न होने के बाद आयोग ने 877 पदों पर नियुक्ति के लिए शिक्षा विभाग को अपनी अनुशंसा भेजी थी। अब इन सफल अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्रों और डिग्रियों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही नियुक्ति पत्र वितरण पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। इस वजह से 102 अभ्यर्थियों की जांच रिपोर्ट पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। (साभार एजेंसी)
