(सहारनपुर UP)18अक्टूबर,2024.
सहारनपुर जिला मुख्यालय की जन सुनवाई में लगातार आ रही गंदगी से संबंधित शिकायतों को देखते हुए नगरायुक्त संजय चौहान ने डोर टू डोर कूड़ा लेने की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। वह जन सुनवाई के तहत जनता की समस्याएं सुन रहे थे। पांच शिकायतों में से दो का तुरंत निस्तारण कराया गया। शेष के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
वार्ड-39 की नाजिरपुरा कॉलोनी निवासी शिव कुमार ने मोहल्ले के एक प्लॉट में कूड़ा भरा होने की शिकायत की। इस पर नगरायुक्त ने तुरंत टीम भेजकर सफाई कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही ऐसे प्लॉटों को चिह्नित करने के निर्देश दिए, जिन पर कूड़ा डाला जा रहा है। वार्ड-46 के तोता चौक निवासी सोहन लाल ने तोता चौक में सैनी डेयरी के पास नालियों की सफाई कराने की मांग की। इसके बाद सफाईकर्मियों की टीम भेजकर सफाई कराई गई। वार्ड-21 के हिम्मतनगर निवासी पूरन कुमार ने अतिक्रमण की शिकायत की। वार्ड-33 इंद्रप्रस्थ एक्सटेंशन कॉलोनी निवासी सुभाष भटनागर ने सीवर की सफाई कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। वार्ड-16 दिल्ली रोड निवासी सर्वेश कुमार ने राजकीय कॉलोनी दिल्ली रोड में पेड़ों की छंटाई कराने की मांग की(साभार एजेंसी)
